menu-icon
India Daily

चिंताजनक...ओमान तट के पास भारतीय जहाज 'विराट 1' के साथ हुआ हादसा, 14 भारतीय क्रू सदस्य लापता; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को जानकारी दी कि उसे भारतीय ध्वज वाले मशीनीकृत नौकायन पोत ‘विराट 1’ से संबंधित एक घटना की सूचना मिली है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
चिंताजनक...ओमान तट के पास भारतीय जहाज 'विराट 1' के साथ हुआ हादसा, 14 भारतीय क्रू सदस्य लापता; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Courtesy: Pinterest

खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते भू राजनीतिक तनाव के बीच ओमान के तट के पास भारतीय झंडे वाले एक जहाज से जुड़ी घटना ने चिंता बढ़ा दी है. जहाज पर सवार 14 भारतीय क्रू सदस्यों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं, जबकि भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. इस घटना के बाद समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय हालात को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है.

मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को जानकारी दी कि उसे भारतीय ध्वज वाले मशीनीकृत नौकायन पोत ‘विराट 1’ से संबंधित एक घटना की सूचना मिली है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जहाज पर 14 भारतीय चालक दल के सदस्य मौजूद थे. हालांकि, घटना की प्रकृति और उसके कारणों के बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है.

ओमान के तट पर शुरू हुआ रेस्क्यू मिशन

सूत्रों के अनुसार, संकट उस समय पैदा हुआ जब भारतीय नागरिकों को लेकर जा रही एक पारंपरिक नाव (धाऊ) ओमान के रास-अल-हद्द से लगभग 80 नॉटिकल मील पूर्व समुद्री क्षेत्र में डूबने लगी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया.

अमेरिकी नौसेना ने की मदद

घटना की सूचना मिलने के बाद अमेरिकी नौसेना ने भी राहत कार्य में सहयोग किया. यूएस नेवी के पी-8 मैरीटाइम पेट्रोल विमान ने प्रभावित जहाज के पास एक लाइफ राफ्ट गिराया, जिससे चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाला जा सके. विमान लगातार पूरे अभियान की निगरानी भी करता रहा.

व्यापारिक जहाज ने भी निभाई अहम भूमिका

बचाव अभियान के दौरान पास से गुजर रहे सेंट किट्स एंड नेविस के झंडे वाले व्यापारी जहाज ‘एमवी जबल अली 9’ को भी सहायता के लिए लगाया गया. बताया गया कि जब धाऊ तेजी से डूबने लगी, तब चालक दल के सभी सदस्य लाइफ राफ्ट पर सवार हो गए, जिससे उनकी जान बचाने में मदद मिली.

घटना के कारणों की जांच जारी

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नाव अचानक किस वजह से संकट में आई और डूबने लगी. भारतीय दूतावास, ओमान प्रशासन और संबंधित समुद्री एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं. अधिकारियों का कहना है कि सभी क्रू सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता है और घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी.