menu-icon
India Daily

अगले 8 घंटे बेहद भारी! 13 राज्यों में तूफानी बारिश और तेज रफ्तार वाली हवाओं का अलर्ट, IMD ने दी ये चेतावनी

IMD ने 13 राज्यों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और 70 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है. चलिए जानते हैं दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान, झारखंड समेत कई राज्यों में कैसा रहेगा मौसम.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
अगले 8 घंटे बेहद भारी! 13 राज्यों में तूफानी बारिश और तेज रफ्तार वाली हवाओं का अलर्ट, IMD ने दी ये चेतावनी
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: पूरे देश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के अनुसार, देश के कई हिस्सों में अगले कुछ घंटों में तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बारिश और ओले पड़ सकते हैं. मौसम विभाग ने 13 राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है, जहां तेज हवाएं चलने की संभावना है.

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में लू की स्थिति में काफी कमी आई है. वहीं मध्य भारत में भी अगले 24 घंटों में गर्म हवाओं का असर कम होने की उम्मीद है. आने वाले दिनों में उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है.

IMD ने क्या बताया?

मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर सहित कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. कुछ क्षेत्रों में ओले भी पड़ सकते हैं और बिजली भी गिर सकती है. लोगों को इस खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

राजधानी में मौसम कैसा रहेगा?

दिल्ली में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. राजधानी में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

उत्तर प्रदेश में आज और कल हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. प्रयागराज, कानपुर, गाज़ीपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली और बांदा सहित कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश का असर दिख सकता है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में धूल भरी आंधी भी चल सकती है.

बिहार में पटना, राजगीर, सीवान और भागलपुर सहित कई जिलों के लिए बारिश और ओले पड़ने का अलर्ट जारी किया गया है. राजस्थान में, जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर और कोटा में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश होने की संभावना है.

मौसम विभाग ने झारखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी तेज हवाओं, बारिश और कहीं-कहीं ओले पड़ने की चेतावनी जारी की है. रांची, शिमला, देहरादून और श्रीनगर सहित कई शहरों में मौसम खराब रह सकता है. 

आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहेगा?

इस बीच, मॉनसून भी तेजी से आगे बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में मॉनसून के अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के और हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है. 1 जून से 4 जून के बीच पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है.