नई दिल्ली: आज से देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक भारत के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. इतना ही नहीं कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आंधी और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.
IMD द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ के साथ-साथ राजस्थान और केरल में भी बारिश की संभावना है. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है. विभाग के मुताबिक ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार में कई जगह बारिश जारी रहने की संभावना है.
दिल्ली-एनसीआर में 9 से 13 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं उत्तर प्रदेश के नोएडा, आगरा, मथुरा, कानपुर, प्रयागराज, झांसी, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, इटावा और देवरिया में भी बारिश की संभावना जताई गई है. बिहार के कई जिलों में बारिश के साथ आंधी का भी खतरा है.
मध्य प्रदेश में विदिशा, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, रीवा, कटनी, दमोह, पन्ना, टीकमगढ़, सिवनी, भिंड और छतरपुर में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है. वहीं राजस्थान के भी कई जिलों में बारिश के कारण लोगों की परेशानी बढ़ सकती है. वहीं पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में 10 और 11 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए अमरनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है.
बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए निम्न दबाव के कारण दक्षिण बंगाल में भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी है. निम्न दबाव के प्रभाव से समुद्र में ऊंची लहरें उठ सकती हैं और दक्षिण बंगाल में आने वाले दिनों में बारिश जारी रह सकती है.
केरल में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. तटवर्ती इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जो 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों को जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने और तेज बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है.