देश के कई राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलने वाली है. भारतीय मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि अगले 12 घंटों के भीतर दक्षिण-पश्चिम राज्यों में मानसून प्रवेश कर जाएगा. जिसकी वजह से केरल में अगले एक हफ्ते तक भारी बारिश की उम्मीद है.
IMD के मुताबिक इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और दक्षिणी भारत के कई हिस्सों में आंधी-तूफान की संभावना है. तेज रफ्तार हवाएं लोगों के लिए मुसीबत बढ़ाएंगी. हालांकि, लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलेगी.
दिल्ली में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है. दोपहर के बाद दिल्ली-एनसीआर में आंधी के साथ हल्की बारिश की उम्मीद है. इसके बाद अगले दो दिनों तक मौसम ठंडा रहने वाला है. उत्तर प्रदेश के भी कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है. वाराणसी, गाजीपुर और कानपुर समेत कई जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. हालांकि बिहार में 4 और 5 जून को कोई विशेष अलर्ट नहीं है, मौसम सामान्य रहने की उम्मीद जताई गई है. हालांकि 6 जून को गोपालगंज, चम्पारण, सिवान और औरंगाबाद में लू का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं कटिहार और किशनगंज में गरज-चमक के साथ आंधी-बारिश भी संभव है.
राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 4-5 जून तक आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना है. तेज हवाओं के कारण लोगों की मुसीबत बढ़ सकती है. कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. वहीं उत्तराखंड में 4 जून को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक 4 से 6 जून तक आंधी-बारिश के साथ तेज हवाएं और ओलावृष्टि का खतरा है.
जम्मू-कश्मीर में आज गरज-चमक, बिजली और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. झारखंज में आज से अगले तीन दिनों तक गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है. मौसम सुहावना रहने के साथ कुछ क्षेत्रों में आंधी-तूफान का असर भी देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग की ओर से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.