menu-icon
India Daily

देश के कई हिस्सों में मानसून का असर तेज, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

देश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है. मौसम विभाग ने 23 जुलाई के लिए यूपी, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब समेत 11 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और कई इलाकों में वज्रपात का अलर्ट जारी किया है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
देश के कई हिस्सों में मानसून का असर तेज, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
Courtesy: ANI

देशभर में मानसून अब अपने आक्रामक तेवर दिखा रहा है. मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है, साथ ही कई स्थानों पर हवा की गति 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों तक पूर्वी भारत में मानसून का प्रभाव और अधिक मजबूत रहेगा. उत्तर पूर्वी असम और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हो रहा है. इसके अलावा उत्तरी मध्य प्रदेश के मध्य भागों में भी चक्रवाती परिसंचरण बनने से वर्षा की गतिविधियां तेज होने की संभावना है. 

इन राज्यों में चेतावनी जारी

23 जुलाई के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश और गुजरात में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. कई इलाकों में तेज हवा की गति 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पहाड़ी राज्यों में तेज बारिश के कारण भूस्खलन और मार्ग बाधित होने की आशंका भी बनी हुई है.

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दिनभर बादल छाए रहने के साथ भारी बारिश और 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. उत्तर प्रदेश के मेरठ, मथुरा, आगरा, कानपुर, गोरखपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, सीतापुर, बाराबंकी सहित कई जिलों में भारी बारिश और 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. लखनऊ का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा

बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर और अन्य जिलों में 23 और 24 जुलाई तक भारी बारिश तथा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है. झारखंड के बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, हजारीबाग और आसपास के क्षेत्रों में भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के कई जिलों में लगातार वर्षा के साथ भूस्खलन का खतरा बना हुआ है. वहीं राजस्थान, पंजाब, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और गुजरात के अनेक जिलों में भी भारी बारिश और तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है.