देश भर में मौसम का मिजाज बदल रहा है. जहां एक तरफ मार्च की शुरुआत में ही गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है, वहीं उत्तर के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है. मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिससे यूपी, बिहार, राजस्थान सहित 14 राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. तेज हवाएं 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. मैदानी इलाकों में तापमान 4-6 डिग्री ज्यादा रहने का अनुमान है, जिससे उमस बढ़ गई है.
राजधानी दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम 19 डिग्री रहेगा. हल्के बादल छाए रहेंगे, लेकिन उमस परेशान करेगी. सुबह हवाएं धीमी रहेंगी, रात में थोड़ी तेज हो सकती हैं. अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही हाल बना रहेगा, जिससे गर्मी का एहसास और बढ़ेगा.
उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ली है. पूर्वी हिस्सों में सुबह कोहरा छाया रहा, दृश्यता कई जगह 50 मीटर से कम रही. पश्चिमी यूपी में 15-16 मार्च को छिटपुट बारिश संभव है. बिहार में भी हल्की बारिश और गरज-चमक का अलर्ट है. लखनऊ में आज अधिकतम 35 डिग्री और पटना में 33 डिग्री तक तापमान रहेगा.
राजस्थान के कई जिलों में तापमान 38-41 डिग्री पहुंच गया है. 14-15 मार्च को पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है. वहीं हिमाचल प्रदेश में मौसम सुहावना है, लेकिन 10-16 मार्च तक बारिश, बर्फबारी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का दौर रहेगा. जम्मू-कश्मीर में 10-11 मार्च को भारी बारिश की आशंका है.
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 16 मार्च तक छिटपुट से लेकर व्यापक बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है. 14 मार्च से नया विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम बदलेगा. लोगों को सतर्क रहने की सलाह है, खासकर तेज हवाओं और ओलावृष्टि से बचाव के लिए.