दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर प्रचंड गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिसके कारण लोगों की परेशानी भी बढ़ रही है. आज गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. दिन के समय में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है.
यूपी के मथुरा, आगरा और वाराणसी समेत कुछ जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है. हालांकि इससे गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है, इसके बजाय उमस बढ़ने के कारण आपकी परेशानी और भी ज्यादा बढ़ सकती है इसलिए अलर्ट मोड पर रहें और दोपहर के समय में बाहर निकलने से बचें.
राजस्थान में तो इस समय प्रचंड गर्मी का कहर जारी है. IMD की ओर से 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. आज दिन के समय में एक से दो डिग्री तक तापमान बढ़ सकता है, ऐसे में लोगों को घर से न निकलने की सलाह दी गई है. मध्य प्रदेश में भी तापमान तेजी से ऊपर जाएगा. 31 जिलों में लू चलने की चेतावनी दी गई है. मवेशियों और बच्चों का खास ख्याल रखने की चेतावनी दी गई है. इन राज्यों में अभी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.
बिहार के दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, भागलपुर समेत कई जिलों में आंधी-बारिश के अलर्ट जारी किए गए हैं. हालांकि राज्य की राजधानी पटना में अभी भी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, इसलिए लोगों को घर से न निकलने की सलाह दी गई है. उत्तराखंड में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है, लेकिन फिर भी कुछ पहाड़ी इलाकों में मौसम ठंडा रहने वाला है.
जम्मू-कश्मीर में भी हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद जताई गई है. हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू और किन्नौर क्षेत्र में भी हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की गई है. हालांकि तापमान में गिरावट से पर्यटकों को अच्छे मौसम का आनंद मिलेगा. झारखंड के देवघर, बोकारो और रांची जैसे जिलों में आज भी आंधी-बारिश के अलर्ट हैं. हालांकि कुछ जिलों में लू का कहर जारी रहेगा.
महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पंजाब में भी गर्मी बढ़ने की उम्मीद है. हालांकि दक्षिण भारत में आज से मौसम बदल सकता है. बारिश की एंट्री से लोगों को राहत मिल सकती है. तमिलनाडु और केरल के कई जिलों में बारिश के अलर्ट जारी किए गए हैं. केरल के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. ऐसे में मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.