menu-icon
India Daily

'अंग्रेज लड़की से शादी करके अपनी नस्ल बदलो', 'लुख्खे' से विवादों में आए योगराज सिंह ने अपने बेटे युवराज को दी थी ये नसीहत

योगराज सिंह के पुराने इंटरव्यू फिर चर्चा में आ रहे हैं. युवराज सिंह, हेजल कीच और परिवार को लेकर दिए गए बयानों पर सोशल मीडिया में बहस छिड़ गई है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
'अंग्रेज लड़की से शादी करके अपनी नस्ल बदलो', 'लुख्खे' से विवादों में आए योगराज सिंह ने अपने बेटे युवराज को दी थी ये नसीहत
Courtesy: X

योगराज सिंह के पुराने इंटरव्यू फिर चर्चा में आ गए हैं. हाल ही में वेब सीरीज लुख्खे में महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर उन पर FIR दर्ज की गई थी. उन्होंने कहा था, 'दिन में चूल्हे पे, रात को...', इसके बाद पूरे देश में बवाल मच गया था. इससे पहले भी युगराज ऐसे कई बयान दे चुके हैं. एक इंटरव्यू में उन्होंने बेटे युवराज सिंह, बहू हेजल कीच और अपने परिवार को लेकर कई निजी बातें साझा की थी. 

हेजल कीच को लेकर बयान पर चर्चा

एक पुराने इंटरव्यू में योगराज सिंह ने युवराज सिंह की शादी को लेकर खुलकर बात की थी. उन्होंने कहा था कि उन्होंने बेटे को अपनी कम्युनिटी से बाहर शादी करने की सलाह दी थी. बातचीत के दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि परिवार एक “आयरिश या इंग्लिश लड़की” चाहता था. इसके बाद उन्होंने हेजल कीच की तारीफ करते हुए कहा कि वह उन्हें बहू नहीं, बल्कि बेटी मानते हैं.

पोते-पोतियों और परिवार पर खुलासा

योगराज सिंह ने एक अन्य इंटरव्यू में अपने पोते ओरियन से मुलाकात को लेकर भी भावुक बातें साझा की थी. उन्होंने बताया कि दो साल तक वह अपने पोते से नहीं मिल पाए. उन्होंने कहा कि वह भगवान से प्रार्थना करते थे और खुद को समझाते थे कि अगर भगवान बच्चों के साथ हैं, तो वह भी उनसे जुड़े हुए हैं. इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने परिवार के भीतर दूरी को लेकर चर्चा शुरू कर दी.

सख्त परवरिश को लेकर छिड़ी बहस

इंटरव्यू में योगराज सिंह ने स्वीकार किया कि उनका सख्त स्वभाव परिवार के रिश्तों में दूरी की एक वजह हो सकता है. उन्होंने कहा कि अगर युवराज अपने बच्चों को उनके पास छोड़ देंगे, तो वह उन्हें भी उसी अनुशासन में रखेंगे जैसा उन्होंने युवराज के साथ किया था.

युवराज सिंह ने भी कही थी दिल की बात

कुछ समय पहले युवराज सिंह ने भी अपने पिता के साथ रिश्तों को लेकर खुलकर बात की थी. एक पॉडकास्ट में उन्होंने कहा था कि योगराज सिंह उनके लिए हमेशा कोच रहे, पिता कम बन पाए. युवराज ने यह भी कहा कि वह अपने बेटे ओरियन पर वैसा दबाव नहीं डालना चाहते जैसा उन्होंने अपने बचपन में महसूस किया था. अब पुराने और नए बयानों के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर पिता-पुत्र के रिश्ते को लेकर चर्चा तेज हो गई है.