menu-icon
India Daily

खड़गे के 'शुद्धिकरण' विवाद पर भड़के शशि थरूर, बोले- भाजपा की विचारधारा ही इस भेदभाव की जड़

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने मल्लिकार्जुन खड़गे के दौरे के बाद हुए कथित 'शुद्धिकरण' कांड पर भाजपा पर निशाना साधा है. उन्होंने इसे छुआछूत और दलित विरोधी मानसिकता करार दिया.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
खड़गे के 'शुद्धिकरण' विवाद पर भड़के शशि थरूर, बोले- भाजपा की विचारधारा ही इस भेदभाव की जड़
Courtesy: SANSAD TV

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दौरे के बाद हुए कथित 'शुद्धिकरण' कांड पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरी घटना की मूल वजह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व की भेदभावपूर्ण मानसिकता और उनकी विचारधारा है.

'शुद्धिकरण' को बताया छुआछूत का गंभीर अपराध

थरूर ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि इसे केवल राजनीतिक विवाद या सफाई का नाम देकर छिपाया नहीं जा सकता. एक प्रमुख दलित नेता की मौजूदगी के बाद ऐसा अनुष्ठान करना छुआछूत का आचरण है. यह असंवैधानिक होने के साथ-साथ एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत एक दंडनीय अपराध है.

दलित समाज के स्वाभिमान से जुड़ा मुद्दा

थरूर ने कहा कि यदि देश की मुख्य विपक्षी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ ऐसा व्यवहार हो सकता है, तो आम दलित नागरिकों को रोजाना किन अपमानों का सामना करना पड़ता होगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि "खड़गे जी के लिए न्याय ही देश के सभी दलितों के लिए न्याय है" और कांग्रेस इस पर चुप नहीं बैठेगी.

राहुल गांधी ने की FIR की मांग

इससे पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की थी. उन्होंने कहा कि संवैधानिक रूप से यह एक अपराध है, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई. राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री से उत्तराखंड में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत तुरंत एफआईआर दर्ज कराने का आदेश देने की मांग की है.