हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के जुबली गांव निवासी विकास सिंह पंवार ने महज 22 वर्ष की आयु में असाधारण उपलब्धि हासिल की है. उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में अपने पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया 159वीं रैंक प्राप्त की है. इससे पहले नवंबर 2025 में वह टीवी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) में 50 लाख रुपये जीत चुके थे.
विकास की शुरुआती शिक्षा शिमला से हुई, जिसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से राजनीति विज्ञान में बीए (ऑनर्स) किया. विकास के पिता चतर सिंह पंवार वर्तमान में दिल्ली के एक सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल हैं. केबीसी में अमिताभ बच्चन से बात करते हुए विकास ने बताया था कि एक समय उनके पिता का वेतन मात्र 1,400 रुपए था और उन्हें पढ़ाई के लिए पैसे उधार लेने पड़ते थे.
केबीसी सीजन 17 में विकास ने अपनी बुद्धिमत्ता का लोहा मनवाया. उन्होंने 1 करोड़ के सवाल पर जोखिम न लेते हुए खेल छोड़ने का फैसला किया और 50 लाख लेकर घर लौटे. खास बात यह रही कि खेल छोड़ने के बाद जब उनसे उत्तर का अनुमान लगाने को कहा गया, तो उनका जवाब (नेविल चेम्बरलेन) बिल्कुल सही निकला.
सिविल सेवा परीक्षा में विकास का वैकल्पिक विषय राजनीति विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय संबंध (PSIR) था. उन्होंने कुल 2025 में से 988 अंक प्राप्त किए, जिसमें लिखित परीक्षा में 787 अंक और साक्षात्कार में 201 अंक शामिल हैं. पुस्तकों के प्रति उनका गहरा लगाव और अनुशासित अध्ययन ही उनकी इस ऐतिहासिक सफलता का मुख्य आधार बना.