World Digestive Health Day 2025: 29 मई को हर साल World Digestive Health Day यानी विश्व पाचन स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है. इस दिन का उद्देश्य लोगों को पाचन तंत्र के महत्व, उससे जुड़ी बीमारियों और उनके समाधान के बारे में जागरूक करना है. बदलती जीवनशैली, असमय भोजन, जंक फूड का अत्यधिक सेवन और तनाव ये सब मिलकर हमारे पाचन तंत्र को नुकसान पहुंचा रहे हैं. नतीजतन, आज की युवा पीढ़ी से लेकर बुजुर्गों तक बड़ी संख्या में लोग गैस, अपच, एसिडिटी, पेट फूलना और दस्त जैसी समस्याओं से पीड़ित हैं.
क्या आपको भी कुछ भी खाते ही पेट में जलन, भारीपन या दस्त जैसी दिक्कत हो जाती है? क्या आप भी बाहर का खाना देखकर सोच में पड़ जाते हैं कि खाएं या नहीं? तो अब घबराने की जरूरत नहीं है. आयुर्वेद और घरेलु चिकित्सा में ऐसे कई आसान उपाय बताए गए हैं, जिन्हें अपनाकर आप अपनी पाचन शक्ति को मजबूत बना सकते हैं और बिना चिंता के अपनी पसंदीदा चीजें खा सकते हैं.
आज के इस खास मौके पर हम आपको बताएंगे कुछ बेहद असरदार और आजमाए हुए घरेलू नुस्खे, जो आपके पेट की सेहत सुधार सकते हैं. साथ ही जानेंगे कि किन आदतों को अपनाकर आप हमेशा अपने पाचन तंत्र को दुरुस्त रख सकते हैं.
इस World Digestive Health Day के अवसर पर अपने पेट की सेहत का संकल्प लें और प्राकृतिक, सस्ते व आसान उपायों से अपने पाचन को बेहतर बनाएं.
1. हींग का पानी
हींग में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फ्लैटुलेंट गुण होते हैं. एक चुटकी हींग को गुनगुने पानी में मिलाकर पीने से गैस, अपच और पेट दर्द में तुरंत राहत मिलती है.
2. जीरा और अजवाइन का चूर्ण
जीरा, अजवाइन और काला नमक को मिलाकर चूर्ण बना लें. भोजन के बाद आधा चम्मच गर्म पानी के साथ लें. यह गैस और अपच के लिए बेहतरीन उपाय है.
3. सौंफ और मिश्री
भोजन के बाद सौंफ और मिश्री का सेवन न सिर्फ पाचन में मदद करता है, बल्कि मुंह की दुर्गंध भी दूर करता है. इससे एसिडिटी भी नियंत्रित रहती है.
4. दही और छाछ
प्रोबायोटिक तत्वों से भरपूर दही और छाछ पेट की खराब बैक्टीरिया को खत्म कर अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ाते हैं. रोजाना इसका सेवन पाचन को मजबूत बनाता है.
5. गुनगुना नींबू पानी.
सुबह खाली पेट गुनगुने पानी में नींबू और थोड़ा शहद मिलाकर पीने से शरीर डिटॉक्स होता है और पाचन शक्ति में सुधार आता है.