आज के समय में काफी कम उम्र में लोगों के बाल सफेद हो रहे हैं. जिसकी वजह से लोग अपनी उम्र से ज्यादा बड़े दिखते हैं. इसके पीछे अक्सर खराब लाइफस्टाइल को दोषी ठहराया जाता है. लेकिन कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि आपके शरीर में कुछ पोषक तत्वों की कमी के कारण भी बाल जल्दी सफेद हो जाते हैं.
डॉक्टर का कहना है कि कई लोगों के बाल विटामिन B12 की कमी की वजह से सफेद हो जाते हैं. कहा जाता है कि हमारे बालों के रंग में मेलानिन की बड़ी भूमिका होती है. इसकी कमी के कारण बाल अपना प्राकृतिक रंग खो देते हैं और मेलानिन कम होने के पीछे विटामिन B12 की कमी हो सकती है.
शरीर में विटामिन B12 की अहम भूमिका है. यह आपके लाल रक्त कोशिकाओं यानी RBC के निर्माण और तंत्रिका तंत्र के स्वस्थ रूप से काम करने के लिए जरूरी होता है. जब शरीर को यह पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पाता, तो बालों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है. समय से पहले बाल सफेद तो होते ही हैं, साथ में बाल कमजोर भी हो जाते हैं. अगर आपके साथ भी यह समस्या है तो आपको डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए. डॉक्टर आपके शरीर में मौजूद सभी पोषक तत्वों को चेक करने के बाद जरूरत के मुताबिक सप्लीमेंट की सलाह दे सकते हैं. लेकिन अगर आप चाहें तो अपने खाने-पीने में थोड़ा बदलाव करके शरीर में B12 की मात्रा को बढ़ा सकते हैं.
आप अपने रोजमर्रा के जीवन में अंडे, डेयरी प्रोडक्ट्स, मशरूम और मछली के इस्तेमाल से भी B12 की मात्रा को बढ़ा सकते हैं. कुछ लोग अपने सफेद बालों को छुपाने के लिए केमिकल कलर का इस्तेमाल करते हैं. जिससे बालों पर बुरा असर पड़ता है और कमजोर हो जाते हैं. इसके बजाए आप मेहंदी जैसी नेचुरल चीजों का इस्तेमाल करके केमिकल से होने वाले साइड इफेक्ट्स से बच सकते हैं. इसके अलावा सफेद होने से पहले ही उनकी केयर करना शुरू कर दें. हर्बल हेयर पैक लगाएं और खाने-पीने का भी ध्यान रखें. इससे बाल कम टूटेंगे. अभी के समय में हर समस्या की जड़ कहीं न कहीं स्ट्रेस है, तो इसे कम करने के लिए आप योग कर सकते हैं. योग से और भी कई समस्याएं ठीक होंगी.