मुंबई: विपुल अमृतलाल शाह द्वारा निर्मित और कामाख्या नारायण सिंह द्वारा निर्देशित फिल्म 'द केरल स्टोरी 2: गोस बियॉन्ड' ने अपने रिलीज के सातवें दिन यानी गुरुवार को बॉक्स ऑफिस पर करीब 2.19 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. इस तरह फिल्म का भारत में पहले हफ्ते का कुल नेट कलेक्शन 22.34 करोड़ रुपये पहुंच गया है. ट्रेड एनालिस्ट सैकनिल्क के अनुसार यह आंकड़ा सभी भाषाओं को मिलाकर है, जबकि हिंदी वर्जन में गुरुवार को कुल ऑक्यूपेंसी सिर्फ 9.62% रही.
फिल्म की शुरुआत काफी धीमी रही थी. पहले दिन (शुक्रवार) यह सिर्फ 75 लाख रुपये कमा पाई, क्योंकि केरल हाई कोर्ट में कानूनी अड़चन के चलते कुछ शो देर से शुरू हुए. लेकिन दूसरे दिन (शनिवार) से कलेक्शन में जबरदस्त उछाल आया और यह 4.65 करोड़ रुपये पर पहुंच गई. रविवार को यह ट्रेंड जारी रहा और फिल्म ने 4.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जो पहले हफ्ते का सबसे ज्यादा कमाई वाला दिन साबित हुआ.
सोमवार को कलेक्शन में सबसे बड़ा गिरावट देखा गया, जहां यह 2.5 करोड़ रुपये पर आ गई – रविवार से लगभग 47% की कमी. लेकिन मंगलवार को होली के छुट्टी के कारण अच्छी रिकवरी हुई और कलेक्शन 4 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो सोमवार से करीब 60% की बढ़ोतरी थी. बुधवार को थोड़ी गिरावट के साथ 3.5 करोड़ रुपये बने, जबकि गुरुवार को यह 2.19 करोड़ पर आ गई. दिन के दौरान ऑक्यूपेंसी में सुधार दिखा – मॉर्निंग शो में 6.27%, आफ्टरनून में 10.58%, इवनिंग में 9.53% और नाइट शो में 12.11% तक पहुंची.
पहले भाग 'द केरल स्टोरी' (2023) ने पहले हफ्ते में करीब 80 करोड़ से ज्यादा कमाए थे और कुल मिलाकर 300 करोड़ के पार जाकर सुपरहिट साबित हुई थी. वहीं सीक्वल अब तक उसका सिर्फ करीब एक चौथाई कलेक्शन ही कर पाया है. फिल्म का बजट लगभग 28-30 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. पहले हफ्ते में 22 करोड़ से ज्यादा कमाई के साथ यह बजट रिकवर करने की राह पर है, लेकिन बड़े उछाल की जरूरत बनी हुई है.
फिल्म में उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं. विवादों के बावजूद फिल्म ने कुछ दर्शकों का ध्यान खींचा है, खासकर वीकेंड और होली जैसे अवसरों पर. अब आगे के दिनों में कोई बड़ी रिलीज न होने से यह स्थिरता बनाए रख सकती है. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर वर्ड ऑफ माउथ अच्छा रहा तो फिल्म 40-50 करोड़ तक पहुंच सकती है, लेकिन पहले भाग की तरह ब्लॉकबस्टर बनना मुश्किल लग रहा है. कुल मिलाकर 'द केरल स्टोरी 2' ने मध्यम शुरुआत के बाद स्थिर प्रदर्शन दिखाया है और बॉक्स ऑफिस पर अपनी जगह बनाने की कोशिश जारी रखे हुए है.