menu-icon
India Daily

The Bengal Files: रिलीज से पहले विवादों में घिरी 'द बंगाल फाइल्स', विवेक अग्निहोत्री के खिलाफ दर्ज हुई FIR, जानें क्या है पूरा मामला?

'द बंगाल फाइल्स' 1946 के डायरेक्ट एक्शन डे और नोआखाली दंगों की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें हजारों लोगों की जान गई थी. फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, दर्शन कुमार और पल्लवी जोशी जैसे कलाकार लीड रोल में हैं. यह विवेक की 'फाइल्स ट्रिलॉजी' का हिस्सा है, जिसमें 'द ताशकंद फाइल्स' और 'द कश्मीर फाइल्स' शामिल हैं.

antima
Edited By: Antima Pal
The Bengal Files: रिलीज से पहले विवादों में घिरी 'द बंगाल फाइल्स', विवेक अग्निहोत्री के खिलाफ दर्ज हुई FIR, जानें क्या है पूरा मामला?
Courtesy: social media

The Bengal Files: विवेक अग्निहोत्री की आगामी फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' रिलीज से पहले ही विवादों के घेरे में आ गई है. यह फिल्म 1946 के बंगाल दंगों के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले गोपाल मुखर्जी के चित्रण को लेकर कानूनी पचड़े में फंस गई है. गोपाल मुखर्जी के पोते शांतनु मुखर्जी ने फिल्म के निर्देशक विवेक अग्निहोत्री के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. उनका आरोप है कि फिल्म में उनके दादाजी को गलत और अपमानजनक तरीके से दिखाया गया है.

रिलीज से पहले विवादों में घिरी 'द बंगाल फाइल्स'

शांतनु के अनुसार फिल्म के ट्रेलर में गोपाल मुखर्जी को 'एक था कसाई गोपाल पाठा' के रूप में पेश किया गया है, जो उनकी छवि को गलत तरीके से प्रस्तुत करता है. उन्होंने बताया कि उनके दादाजी एक पहलवान थे और स्वतंत्रता संग्राम में हिस्सा लेने वाले अनुशीलन समिति के प्रमुख सदस्य थे. 1946 के दंगों में उन्होंने हिंदुओं पर होने वाले अत्याचारों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. शांतनु का कहना है कि 'कसाई' और 'पाठा' जैसे शब्दों का उपयोग उनके दादाजी के लिए अपमानजनक है. उन्होंने यह भी कहा कि विवेक अग्निहोत्री ने इस विषय पर कोई शोध नहीं किया और न ही उनके परिवार से संपर्क किया.

शांतनु ने विवेक अग्निहोत्री को कानूनी नोटिस भेजा है और माफी की मांग की है. साथ ही उन्होंने इस गलत चित्रण के खिलाफ FIR भी दर्ज कराई है. उनका कहना है कि यह फिल्म उनके दादाजी की स्वतंत्रता सेनानी की विरासत को ठेस पहुंचाती है, जो नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे महान नेताओं के साथ काम कर चुके थे.

फिल्म का पहला भाग 5 सितंबर 2025 को होगा रिलीज

'द बंगाल फाइल्स' 1946 के डायरेक्ट एक्शन डे और नोआखाली दंगों की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें हजारों लोगों की जान गई थी. फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, दर्शन कुमार और पल्लवी जोशी जैसे कलाकार लीड रोल में हैं. यह विवेक की 'फाइल्स ट्रिलॉजी' का हिस्सा है, जिसमें 'द ताशकंद फाइल्स' और 'द कश्मीर फाइल्स' शामिल हैं. फिल्म का पहला भाग 'द बंगाल फाइल्स: राइट टू लाइफ' 5 सितंबर 2025 को रिलीज होने वाला है.