menu-icon
India Daily

मनोज बाजपेयी पहली बार बने गांधी, सुधीर मिश्रा की नई फिल्म क्यों है इतनी खास?

निर्देशक सुधीर मिश्रा की आगामी फिल्म 'गांधी एंड माय मदर' में मनोज बाजपेयी महात्मा गांधी की भूमिका में दिखेंगे. सुधीर ने कहा कि वे गांधी को संत नहीं, बल्कि एक इंसान के रूप में पेश करेंगे.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
मनोज बाजपेयी पहली बार बने गांधी, सुधीर मिश्रा की नई फिल्म क्यों है इतनी खास?
Courtesy: @IAmSudhirMishra

प्रख्यात फिल्ममेकर सुधीर मिश्रा ने महात्मा गांधी पर अपनी आगामी फिल्म को लेकर एक खास विचार साझा किया है. गांधी जयंती के मौके पर उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए साफ किया कि वह गांधी जी को पारंपरिक या अंधभक्ति वाले नजरिए से नहीं दिखाने वाले हैं. सुधीर मिश्रा के मुताबिक, दर्शक पर्दे पर किसी 'संत' को नहीं, बल्कि एक ऐसे इंसान को देखेंगे जो खुद से लगातार सवाल पूछता था और अपनों के बीच की कठिन चुनौतियों का सामना कर रहा था.

गांधी के किस पहलू पर आधारित है फिल्म

यह फिल्म महात्मा गांधी के पूरे जीवन को दिखाने के बजाय आजादी के आसपास के केवल 21 दिनों के एक महत्वपूर्ण और कम चर्चित दौर पर केंद्रित है. सुधीर मिश्रा ने बताया कि जब देश आजाद हो रहा था और दिल्ली सत्ता का केंद्र बन रही थी, तब गांधी जी ने पीछे हटने का फैसला किया. उन्होंने लिखा कि यह कोई हार या पीछे हटना नहीं था, बल्कि खुद को नए सिरे से गढ़ने की प्रक्रिया थी. यह फिल्म अंग्रेजों से संघर्ष के बजाय उनके अपने लोगों के साथ हुए वैचारिक मतभेदों को दर्शाएगी.

गांधी के किरदार में नजर आएंगे मनोज बाजपेयी

बॉलीवुड के बेहतरीन अभिनेताओं में शुमार मनोज बाजपेयी अपने करियर में पहली बार महात्मा गांधी का किरदार निभा रहे हैं. हाल ही में सामने आए उनके फर्स्ट लुक में वे गोल चश्मा, लाठी और सफेद धोती पहने बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं. इस प्रोजेक्ट से दिग्गज अभिनेत्री वहीदा रहमान भी फिल्मों में वापसी कर रही हैं, जो गांधी जी की मां 'पुतलीबाई' की भूमिका निभाएंगी. इनके अलावा दिव्या दत्ता और सौरभ शुक्ला भी अहम भूमिकाओं में शामिल हैं.

लखनऊ में हुई है फिल्म की शूटिंग

फिल्म 'गांधी एंड माय मदर' का निर्देशन सुधीर मिश्रा कर रहे हैं, जबकि इसका निर्माण अनुभव सिन्हा और नरेंद्र हीरावत मिलकर कर रहे हैं. इस फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और उसके आसपास के इलाकों में की गई है.

कब रिलीज होगी फिल्म

फिल्म का विषय बेहद संवेदनशील और ऐतिहासिक गहराई वाला है. सुधीर मिश्रा ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी, डोनाल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू जैसे कई दिग्गज नेता भी गांधी जी के महान व्यक्तित्व को स्वीकार चुके हैं. हालांकि, मेकर्स ने अभी तक इस फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट की घोषणा नहीं की है.