Sohail Khan On Alliance: प्राइम वीडियो के शो 'अलायंस' में सोहेल खान ने दिल छू लेने वाला खुलासा किया है. अभिनेता ने बताया कि बचपन में उन्हें सेक्सुअल हरासमेंट का शिकार बनना पड़ा था. इस दर्द को उन्होंने सालों तक अपने अंदर छुपाए रखा. शो में बुलिंग पर चर्चा के दौरान सोहैल भावुक हो गए और अपनी कहानी साझा की.
सोहेल ने कहा- ये (बुलिंग) मेरे साथ हुआ है. असल में मैं छोटी उम्र में किसी के द्वारा सेक्सुअली हरास्ड हुआ था.' उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद कई सालों तक वो इस बात को किसी से नहीं कह पाए. 'मैं इसे अपने अंदर ही रखे हुए था. शर्म की वजह से किसी को बताने की हिम्मत नहीं हुई.' जब वो बड़े हो गए तब जाकर उन्होंने पिता सलीम खान को सब कुछ बताया. पिता ने पूछा कि इतने सालों तक चुप क्यों रहे, तो सोहैल का जवाब था, 'मुझे बहुत शर्मिंदगी महसूस होती थी. हालांकि मैं जानता था कि गलती मेरी नहीं थी, फिर भी मन में ये भावना बनी रही.'
— SatyavadiLadki (@SatyavadiLadki) July 16, 2026
इस अनुभव ने सोहेल को पिता के रूप में और संवेदनशील बना दिया है. वे अपने बेटों निर्वाण और योहन को हमेशा कहते हैं कि कुछ भी हो, उन्हें तुरंत बताएं. 'मैं लगातार अपने बच्चों से कहता हूं कि कुछ भी हो जाए, मुझे बताओ.' शो में मौजूद अन्य कंटेस्टेंट्स अर्सलान गोनी, अली गोनी, आगू स्टैनली, निखिल चिनापा और रुही दोसानी ने सोहैल की हिम्मत की तारीफ की और उन्हें सराहा.
सोहेल 'अलायंस' में पहले वाइल्ड कार्ड एंट्री के रूप में शामिल हुए थे और अब शो के मजबूत खिलाड़ियों में शुमार हैं. शो में उनकी पूर्व पत्नी सीमा सजदेह भी शामिल हुई हैं. दोनों 2022 में अलग हो गए थे, लेकिन अब भी अच्छे दोस्त बने हुए हैं. उनके दो बेटे निर्वाण और योहन फिलहाल सोहैल के साथ रहते हैं. सीमा हफ्ते में तीन बार घर आती हैं और घर की चाभी भी उनके पास है. दोनों बच्चे माता-पिता के बीच बंटे हुए हैं – निर्वाण पापा को जीतते देखना चाहता है तो योहन मम्मी का साथ दे रहा है.
शो में सोहेल और सीमा एक-दूसरे के अच्छे सहयोगी साबित हो रहे हैं. सीमा सोहेल को स्ट्रैटजी समझाती हैं और उन्हें अपना 'ओनली अलायंस' भी कह चुकी हैं. सोहेल खान का ये खुलासा कई लोगों के लिए प्रेरणादायक साबित हो रहा है. उन्होंने दिखाया कि ट्रॉमा को छुपाने की बजाय उसे शेयर करना कितना जरूरी है. नए एपिसोड रोज दोपहर 12 बजे सिर्फ प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रहे हैं. सोहेल की यह ईमानदार बातचीत शो को और भी दिलचस्प बना रही है.