menu-icon
India Daily

6.3 तीव्रता के भूकंप से कांपा न्यूजीलैंड, तटीय इलाकों के लिए सुनामी की चेतावनी

न्यूजीलैंड के साउथ आइलैंड में तेज भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई है. वहीं गुजरात के कच्छ जिले में भी कुछ मिनटों के अंतराल पर भूकंप के दो झटके महसूस किए गए, हालांकि कहीं नुकसान नहीं हुआ.

KanhaiyaaZee
6.3 तीव्रता के भूकंप से कांपा न्यूजीलैंड, तटीय इलाकों के लिए सुनामी की चेतावनी
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: गुरुवार को न्यूजीलैंड और भारत के गुजरात में भूकंप के झटकों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी. न्यूजीलैंड के साउथ आइलैंड में आए तेज भूकंप के बाद अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर सुनामी अलर्ट जारी किया और लोगों से तटीय इलाकों से दूर रहने की अपील की. दूसरी ओर गुजरात के कच्छ जिले में भी कुछ ही मिनटों के भीतर दो बार धरती कांपी. राहत की बात यह रही कि दोनों जगहों से किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है.

रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.3 दर्ज की गई. इसका केंद्र ते अनाउ शहर से करीब 40 किलोमीटर उत्तर में था, जिसे फियोर्डलैंड क्षेत्र का प्रवेश द्वार माना जाता है. राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी ने समुद्र तट और तटीय इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है. फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है.

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण और जर्मनी के जियोसाइंस रिसर्च सेंटर ने इस भूकंप की तीव्रता 5.9 दर्ज की है. दोनों संस्थानों के अनुसार भूकंप का केंद्र जमीन के भीतर 50 किलोमीटर से अधिक गहराई में था. विशेषज्ञ लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

गुजरात के कच्छ में भी महसूस हुए झटके

इधर गुजरात के कच्छ जिले में तीन मिनट के भीतर दो बार भूकंप आया. इंस्टीट्यूट ऑफ सीस्मोलॉजिकल रिसर्च के अनुसार पहला झटका दोपहर 2:20 बजे 3.6 तीव्रता का था, जबकि दूसरा झटका 2:23 बजे 3.2 तीव्रता का दर्ज किया गया. प्रशासन ने बताया कि फिलहाल किसी तरह के नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है और हालात सामान्य हैं.