मुंबई: बॉलीवुड के सुपरस्टार धर्मेंद्र, हाल ही में अपनी सेहत की वजह से चर्चा में रहे। कुछ दिनों से उनकी तबियत खराब चल रही थी, इसलिए उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. फिलहाल, एक्टर अपने मुंबई वाले घर लौट आए हैं. इसी बीच दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा हाल ही में अपनी पत्नी पूनम सिन्हा के साथ हेमा मालिनी से मिलने और धर्मेंद्र के स्वास्थ्य और परिवार का हालचाल जानने उनके घर पहुंचे शत्रुघ्न सिन्हा ने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'अपनी बेस्ट हाफ पूनम सिन्हा के साथ, हमारी बेहद प्यारी पारिवारिक मित्र, बेहतरीन इंसानों में से एक, स्टार/अभिनेत्री, उत्कृष्ट कलाकार, उच्च कोटि की कलाकार और एक कुशल सांसद ड्रीमगर्ल हेमा से मिलने, उनका अभिवादन करने और ईश्वर से प्रार्थना करने गया.' शत्रुघ्न सिन्हा ने आगे लिखा, 'हमारी प्रार्थनाएं उनके साथ हैं और हमने हमारे बड़े भाई और परिवार के कुशलक्षेम के बारे में भी जानकारी ली.'
Along with my 'bestest half' @PoonamSinha went to meet, greet & God Bless, our very dear family friend, one of the finest human beings, star/actress, par excellence, artist of the highest calibre, an able Parliamentarian @dreamgirlhema
— Shatrughan Sinha (@ShatruganSinha) November 17, 2025
Our prayers are with them all & we inquired… pic.twitter.com/yc0pfHkpT2
धर्मेंद्र को पिछले हफ्ते अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी और उनका मुंबई के जुहू इलाके में स्थित उनके घर पर इलाज चल रहा है. दिग्गज अभिनेता 8 दिसंबर, 2025 को अपना 90वां जन्मदिन मनाएंगे और एक रिपोर्ट के अनुसार, वह अपना जन्मदिन मनाने की प्लान बना रहे हैं. परिवार के एक सूत्र ने बताया, 'अगर ईश्वर की इच्छा रही, तो हम अगले महीने दो जन्मदिन मनाएंगे धरमजी का और ईशा का.'
दिग्गज अभिनेता के अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद, सनी की टीम ने एक बयान जारी किया, जिसमें लिखा था, 'श्री धर्मेंद्र को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और वह घर पर ही अपना स्वास्थ्य लाभ जारी रखेंगे. हम मीडिया और जनता से अनुरोध करते हैं कि वे आगे कोई भी अटकलें न लगाएं और इस दौरान उनकी और परिवार की निजता का सम्मान करें.'
एक्टर की टीम ने आगे कहा, 'हम उनके निरंतर स्वस्थ होने, अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु के लिए सभी के प्यार, प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के लिए आभारी हैं. कृपया उनका सम्मान करें क्योंकि वह आपसे प्यार करते हैं.' इस बीच, अपने घर के बाहर खड़े होने पर पपराजी पर सनी के भड़कने के बाद, पपराजी ने अब दिग्गज अभिनेता के घर के बाहर खड़े न होने का फैसला किया है.