मुंबई: वेटरन अभिनेत्री नीलिमा आज़ीम हाल ही में अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर खुलकर बात कर रही हैं. सोशल मीडिया पर लगातार आने वाली नकारात्मक कमेंट्स और झूठी अफवाहों से तंग आकर उन्होंने अब सच्चाई सामने रखने का फैसला किया है. हाल ही में एक इंटरव्यू में नीलिमा ने अपनी तीनों शादियों, रिश्तों और जिंदगी के संघर्ष पर खुलकर चर्चा की.
नीलिमा आज़ीम तीन बार शादी कर चुकी हैं. उनकी पहली शादी प्रसिद्ध अभिनेता पंकज कपूर से हुई, जिनसे उनका बेटा शाहिद कपूर पैदा हुआ. दूसरी शादी राजेश खट्टर से हुई और उनके दूसरे बेटे इशान खट्टर भी उसी रिश्ते से हैं. तीसरी शादी रज़ा अली खान के साथ हुई. तीनों ही रिश्ते समय के साथ टूट गए, लेकिन नीलिमा आज भी अपनी जिंदगी पर आने वाले सवालों का जवाब मजबूती से दे रही हैं.
इंटरव्यू में नीलिमा ने साफ कहा- 'मैंने हमेशा बहुत साधारण और टैलेंटेड पुरुषों से शादी की, जिनके पास पैसे नहीं थे. मैं कभी भी पैसे, स्टेटस या करियर के लिए रिश्ता नहीं जोड़ती. ना ही कभी किसी से उम्मीद की कि वो मेरे करियर को आगे बढ़ाएंगे या मेरे बिजनेस में पैसा लगाएंगे. ये मेरा तरीका नहीं है.'
सोशल मीडिया पर नीलिमा को अक्सर गलत तरीके से टारगेट किया जाता है. हाल ही में एक यूजर ने कमेंट किया- 'शराब पीकर क्या हाल हो गया है.' इस पर नीलिमा ने हैरानी जताते हुए कहा- 'मैं शराब पीती भी नहीं हूं. लोग बिना किसी सच्चाई के कुछ भी लिख देते हैं.'
उन्होंने बताया कि चुप रहने से लोग उनकी कहानी खुद गढ़ लेते हैं, इसलिए अब वो खुलकर अपनी बात रखना चाहती हैं. नीलिमा की जिंदगी आसान नहीं रही. दो बच्चों की अकेली मां के रूप में उन्होंने न सिर्फ घर संभाला बल्कि अपने करियर को भी पटरी पर रखा. शाहिद और इशान दोनों ही आज बॉलीवुड के सफल अभिनेता हैं.