menu-icon
India Daily

'सोनम, हो गया भाई', सलमान खान ने वांगचुक से की अनशन खत्म करने की अपील, कहा- घर का खाना भेज दूंगा

NEET पेपर लीक विवाद के बीच सलमान खान ने सोनम वांगचुक से अनशन खत्म करने की अपील की. उन्होंने छात्रों से घर लौटने को कहा, जबकि करीना कपूर ने भी छात्रों की आवाज सुनने की जरूरत बताई.

KanhaiyaaZee
'सोनम, हो गया भाई', सलमान खान ने वांगचुक से की अनशन खत्म करने की अपील, कहा- घर का खाना भेज दूंगा
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: NEET पेपर लीक विवाद को लेकर देशभर में जारी आंदोलन के बीच अभिनेता सलमान खान ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से अपना अनशन समाप्त करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि अब सरकार की ओर से कार्रवाई का भरोसा दिया जा चुका है, इसलिए छात्रों को भी अपने घर लौट जाना चाहिए. वहीं, अभिनेत्री करीना कपूर ने भी छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए शिक्षा व्यवस्था में भरोसा बहाल करने और उनकी आवाज सुनने की जरूरत पर जोर दिया.

सलमान खान ने सोशल मीडिया पर साझा संदेश में सोनम वांगचुक से कहा कि अब अनशन को आगे बढ़ाने की जरूरत नहीं है. उन्होंने लिखा कि यदि चाहें तो वह अपने घर से भोजन भी भिजवा सकते हैं. अभिनेता ने भरोसा जताया कि सरकार पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी और छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से सुनेगी.

छात्रों से घर लौटने का किया आग्रह

सलमान खान ने कहा कि देश के छात्र सबसे बड़ी प्राथमिकता हैं और उनके भविष्य से कोई समझौता नहीं होना चाहिए. उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने माता-पिता की चिंता को समझें और घर लौट जाएं. अभिनेता ने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिया जा चुका है, इसलिए अब सकारात्मक समाधान की उम्मीद रखनी चाहिए.

आंदोलन को राजनीति से दूर रखने की सलाह

इससे पहले भी सलमान खान छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन का समर्थन कर चुके हैं. उन्होंने कहा था कि यह मामला छात्रों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा है, इसलिए इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए. उनके अनुसार, इस आंदोलन का पूरा श्रेय उन छात्रों को मिलना चाहिए जिन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी है.

करीना कपूर ने भी छात्रों का समर्थन किया

अभिनेत्री करीना कपूर ने भी सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि अब छात्रों की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था तभी मजबूत बन सकती है, जब मेहनत, ईमानदारी और योग्यता पर छात्रों का भरोसा कायम रहे. उनके मुताबिक हर छात्र को निष्पक्ष और समान अवसर मिलना चाहिए.

कई कलाकार खुलकर आए समर्थन में

NEET पेपर लीक विवाद पर कई फिल्मी हस्तियों ने छात्रों के समर्थन में अपनी राय रखी है. सलमान खान और करीना कपूर के अलावा ओमी वैद्य, जीनत अमान, नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक शाह, अभय देओल, सोनाक्षी सिन्हा और रितेश देशमुख भी छात्रों की मांगों के समर्थन में अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं. इन बयानों के बाद शिक्षा व्यवस्था को लेकर बहस और तेज हो गई.