Bigg Boss 20: बिग बॉस 20 में लव गिल और स्काउट ओपी के रिश्ते को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं. स्काउट की गर्लफ्रेंड काश्वी हीरानंदानी ने भी उन दोनों के रिश्ते को लेकर सवाल किए. ऑनालइन हो या ऑफलाइन, हर कोई इस बारे में बात कर रहा है. वहीं, हाल ही में शो से बाहर हुई मैरी कॉम ने स्काउट ओपी और लव गिल के रिश्ते को लेकर अपनी राय रखी है.
करीब दो महीने तक शो में रहने के बाद मैरी कॉम की जर्नी खत्म हो गई. बाहर आने के बाद उन्होंने बताया कि उन्हें कई बार स्काउट और लव का रिश्ता भाई-बहन जैसा महसूस हुआ. वहीं, हाल ही में वीकेंड का वार में रोहित शेट्टी ने भी दोनों के बॉन्ड को लेकर सवाल उठाए थे. चलिए जानते हैं मैरी कॉम ने इन दोनों के रिश्ते पर क्या कहा?
मैरी कॉम ने कहा कि भारत के अलग-अलग राज्यों में रिश्तों को देखने का नजरिया अलग हो सकता है. उन्होंने पूर्वोत्तर भारत का जिक्र करते हुए कहा कि उनके यहां भाई-बहन का रिश्ता काफी पवित्र और सच्चा माना जाता है. मैरी के मुताबिक, उन्हें कई बार स्काउट ओपी और लव गिल के बीच का रिश्ता भाई-बहन जैसा लगा. हालांकि, जब दोनों की नजदीकियां ज्यादा बढ़ीं, तो उन्हें यह स्थिति कुछ अलग महसूस होने लगी.
जब मैरी कॉम से पूछा गया कि उन्होंने शो में रहते हुए स्काउट और लव को उनके रिश्ते को लेकर क्यों नहीं टोका, तो उन्होंने बताया कि उन्हें गेम को अच्छी तरह समझने का मौका नहीं मिला. मैरी ने कहा कि अगर उन्हें उस समय पूरी स्थिति का अंदाजा होता, तो वह दोनों को जरूर समझातीं. उनके मुताबिक, वह शो के दौरान इस मामले में कुछ कह नहीं पाईं.
वीकेंड का वार में स्काउट ओपी की गर्लफ्रेंड काश्वी शो में पहुंची थीं. उन्होंने स्काउट और लव की नजदीकियों पर सवाल उठाए और स्काउट को लव से दूरी बनाने के लिए कहा. काश्वी ने यह भी बताया कि शो में दोनों को साथ देखकर उन्हें और उनके परिवार को अच्छा नहीं लगता. इसके बाद यह मुद्दा शो में चर्चा का विषय बन गया.
वीकेंड का वार के बाद लव गिल भावुक हो गईं. उन्होंने स्काउट से कहा कि उनके साथ जुड़ने के कारण उनकी छवि खराब हो गई है. उन्हें चिंता थी कि सोशल मीडिया पर लोग उनके बारे में क्या कह रहे होंगे और इसका उनके करियर पर क्या असर पड़ेगा.
दूसरी ओर, स्काउट अब लव से दूरी बनाते नजर आ रहे हैं. उनका कहना है कि वह ऐसा कुछ नहीं करना चाहते, जिससे काश्वी और उनके परिवार को बुरा लगे. अब देखना होगा कि आने वाले एपिसोड में स्काउट और लव का रिश्ता किस दिशा में आगे बढ़ता है.