menu-icon
India Daily

पहला प्यार, पुराना क्रश और नई उलझन, रिलीज हुआ Pehla Pyaar Doosri Baar का ट्रेलर

लव रंजन की फिल्म पहला प्यार दूसरी बार का ट्रेलर रिलीज हो गया है. फिल्म में स्पर्श वालिया, अलीशा चोपड़ा, कुणाल वैद्य, साक्षी वैद्य, तुषार छिब्बर और सरगुन कौर लूथरा बतौर नए चेहरे नजर आएंगे.

babli
Edited By: Babli Rautela
पहला प्यार, पुराना क्रश और नई उलझन, रिलीज हुआ Pehla Pyaar Doosri Baar का ट्रेलर
Courtesy: Social Media

लव रंजन की आने वाली फिल्म पहला प्यार दूसरी बार का ट्रेलर रिलीज हो गया है. फिल्म के ट्रेलर में छह नए कलाकारों की पहली झलक देखने को मिली है. दोस्ती, पहला क्रश, प्यार और युवा रिश्तों की उलझनों के इर्द गिर्द घूमती यह फिल्म हल्की फुल्की कॉमेडी और रोमांस का रंग भी लेकर आ रही है. पहला प्यार दूसरी बार से स्पर्श वालिया, अलीशा चोपड़ा, कुणाल वैद्य, साक्षी वैद्य, तुषार छिब्बर और सरगुन कौर लूथरा बड़े पर्दे पर अपनी शुरुआत करने जा रहे हैं. 

ट्रेलर में इन छह कलाकारों के किरदारों के बीच दोस्ती और रिश्तों की केमिस्ट्री दिखाई गई है. कहानी में पुराने क्रश, बदलते रिश्ते और प्यार को लेकर पैदा होने वाली उलझनों को युवा अंदाज में पेश किया गया है. फिल्म का ट्रेलर सिर्फ रोमांस पर आधारित नहीं है. इसमें दोस्तों के बीच मजाक, एक दूसरे की टांग खिंचाई और कई हल्के फुल्के वन लाइनर्स भी देखने को मिलते हैं.

क्या है पहला प्यार दूसरी बार का मतलब?

फिल्म के टाइटल को लेकर भी ट्रेलर में एक दिलचस्प संकेत दिया गया है. कहानी उन भावनाओं के इर्द गिर्द है जिनसे युवा उम्र में ज्यादातर लोग कभी न कभी गुजरते हैं. पहला क्रश, स्कूल की दोस्ती और उस दौर के खास रिश्ते समय के साथ पीछे छूट जाते हैं, लेकिन कई बार जिंदगी लोगों को दोबारा उसी मोड़ पर ले आती है. फिल्म इसी तरह की भावनाओं और रिश्तों को अपनी कहानी का हिस्सा बनाती नजर आ रही है.

लव रंजन ने नए एक्टर्स को लेकर कही ये बात

फिल्म को लेकर प्रोड्यूसर लव रंजन ने कहा कि पहला प्यार दूसरी बार स्कूल, दोस्ती और पहले क्रश से जुड़ी उन यादों की कहानी है, जिनसे लोग खुद को जोड़ सकते हैं. उन्होंने कहा कि भले ही फिल्म के किरदार युवा पीढ़ी से जुड़े हैं, लेकिन उनके अनुभव और भावनाएं ऐसी हैं जिन्हें अलग-अलग उम्र के लोग महसूस कर सकते हैं.

लव रंजन के मुताबिक, फिल्म की युवा रोमांस और हास्य से भरी दुनिया में छह नए कलाकारों को पेश करना इस प्रोजेक्ट को उनके लिए और भी खास बनाता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक इन नए चेहरों और उनके किरदारों के सफर से जुड़ेंगे.

अनुज सैनी करेंगे निर्देशन में डेब्यू

पहला प्यार दूसरी बार के जरिए अनुज सैनी बतौर निर्देशक अपनी शुरुआत कर रहे हैं. उनके लिए भी यह प्रोजेक्ट खास है क्योंकि फिल्म में छह नए कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिला है. अनुज सैनी ने कहा कि निर्देशन की शुरुआत के लिए उन्हें इससे बेहतर टीम की उम्मीद नहीं थी. उन्होंने छह युवा कलाकारों के काम को लेकर उत्साह जताया और कहा कि वह दर्शकों की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं.