72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स समारोह को इस बार दिल्ली से बाहर आयोजित करने का फैसला चर्चा में है. समारोह 22 सितंबर को गुजरात के केवड़िया स्थित एकता नगर में आयोजित किया जाएगा. लंबे समय से दिल्ली में होने वाले इस प्रतिष्ठित समारोह को गुजरात ले जाने के फैसले पर एक्टर परेश रावल ने अपनी प्रतिक्रिया दी है और इसका खुलकर समर्थन किया है.
एक्टर ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम केवल देश की राजधानी तक सीमित नहीं रहने चाहिए. उनके मुताबिक भारत के अलग-अलग राज्यों को भी ऐसे बड़े आयोजनों की मेजबानी का अवसर मिलना चाहिए.
ANI से बातचीत में परेश रावल ने गुजरात में नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स आयोजित किए जाने पर सवाल उठाने वालों को जवाब दिया. उन्होंने सवाल किया कि गुजरात भारत का हिस्सा है या नहीं. एक्टर ने अपने बयान में कहा कि गुजरात में इस तरह का राष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित होने में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में देश के दूसरे राज्यों में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए. परेश रावल का मानना है कि किसी बड़े राष्ट्रीय समारोह को सिर्फ दिल्ली तक सीमित रखने के बजाय देश के अलग-अलग हिस्सों तक ले जाना बेहतर कदम हो सकता है.
72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स का आयोजन 22 सितंबर को गुजरात के एकता नगर, केवड़िया में होगा. यह फैसला उस परंपरा से अलग है, जिसके तहत यह प्रतिष्ठित समारोह लंबे समय से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित होता रहा है. सूचना और प्रसारण मंत्रालय के मुताबिक अब नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स को दिल्ली से बाहर भी आयोजित किया जाएगा. इसका उद्देश्य देश के विभिन्न हिस्सों को इस महत्वपूर्ण फिल्म समारोह की मेजबानी का मौका देना है.
इस साल नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में कई बड़े सितारों और फिल्मों को सम्मान मिला है. मुख्य भूमिका में सर्वश्रेष्ठ एक्टर का पुरस्कार ममूटी और कार्तिक आर्यन को संयुक्त रूप से दिया गया है. ममूटी को ब्रह्मयुगम में उनके अभिनय के लिए यह सम्मान मिला है, जबकि कार्तिक आर्यन को चंदू चैंपियन के लिए चुना गया है. वहीं यामी गौतम को आर्टिकल 370 के लिए मुख्य भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला है. आर्टिकल 370 को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का सम्मान भी दिया जाएगा.