मुंबई: अमेजन प्राइम वीडियो के चर्चित रियलिटी शो Rise and Fall का दूसरा सीजन जल्द ही दर्शकों के सामने आने वाला है. नए सीजन की घोषणा के साथ ही शो में एक बड़ा बदलाव भी सामने आया है. इस बार शो की मेजबानी बिजनेस जगत के चर्चित नाम अश्नीर ग्रोवर नहीं, बल्कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग करते नजर आएंगे.
शुक्रवार को प्राइम वीडियो ने Rise and Fall Season 2 का पहला प्रोमो जारी किया. इसमें वीरेंद्र सहवाग होस्ट की भूमिका में दिखाई दे रहे हैं. प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस के बीच शो को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है.
Rise and Fall के पहले सीजन को अश्नीर ग्रोवर ने होस्ट किया था. शो के दूसरे सीजन में अब उनकी जगह वीरेंद्र सहवाग को चुना गया है. क्रिकेट के मैदान पर अपने आक्रामक खेल और बेबाक अंदाज के लिए मशहूर सहवाग अब रियलिटी शो में कंटेस्टेंट्स की रणनीति और खेल को परखते नजर आएंगे. प्रोमो में सहवाग अपने करियर और जिंदगी के उतार चढ़ाव का जिक्र करते हुए दिखाई देते हैं. इसके बाद वह शो की उस दुनिया में प्रवेश करते हैं, जहां सत्ता, पैसा, रणनीति और बदलते रिश्ते पूरे गेम का रुख तय करते हैं.
रियलिटी शो होस्ट के तौर पर अपनी नई पारी को लेकर सहवाग ने कहा कि क्रिकेट ने उन्हें सिखाया है कि मैच आखिरी गेंद तक खत्म नहीं होता. उनके मुताबिक Rise and Fall का गेम भी इसी तरह अनिश्चितताओं से भरा हुआ है. सहवाग का कहना है कि इस शो में सिर्फ ऊपर पहुंचना ही चुनौती नहीं है, बल्कि वहां अपनी जगह बनाए रखना भी उतना ही मुश्किल है. कंटेस्टेंट्स को यह तय करना होगा कि कब हमला करना है, कब बचाव करना है और कब सही समय पर अपनी रणनीति बदलनी है.
उनके मुताबिक पैसे, रणनीति और बदलते समीकरणों के इस खेल में लापरवाही की ज्यादा गुंजाइश नहीं होगी. वह यह देखने के लिए उत्साहित हैं कि कंटेस्टेंट्स किस तरह जोखिम लेते हैं, गठबंधन बनाते हैं और अपनी क्षमता साबित करते हैं.
Rise and Fall का कॉन्सेप्ट पेंटहाउस और बेसमेंट की दो बिल्कुल अलग दुनियाओं पर आधारित है. शो में 15 सेलिब्रिटीज को दो समूहों में बांटा जाता है. एक तरफ रूलर्स होते हैं, जिन्हें पेंटहाउस की सुविधाएं मिलती हैं. दूसरी तरफ वर्कर्स होते हैं, जिन्हें बेसमेंट में रहकर चुनौतियों का सामना करना पड़ता है.
इस गेम में सत्ता हमेशा एक जैसी नहीं रहती. कंटेस्टेंट्स के फैसले, आपसी रिश्ते, गठबंधन और रणनीति लगातार बदलते रहते हैं. पैसे और प्रभाव के साथ गेम में आगे बढ़ने के लिए कंटेस्टेंट्स को हर कदम सोच समझकर उठाना पड़ता है.