menu-icon
India Daily

पाकिस्तानियों को क्यों पसंद नहीं आ रही रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2', फिल्म को बताया 'बकवास', थिएटर के बाहर लगाए 'पाकिस्तान जिंदा बाद' के नारे

धुरंधर 2 को लेकर एक नया विवाद सामने आया है. यूके में एक पाकिस्तानी परिवार का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे फिल्म की कड़ी आलोचना करते नजर आ रहे हैं. पहले पार्ट की तारीफ करने वाला यही परिवार अब सीक्वल को लेकर नाराज दिख रहा है.

babli
Edited By: Babli Rautela
पाकिस्तानियों को क्यों पसंद नहीं आ रही रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2', फिल्म को बताया 'बकवास', थिएटर के बाहर लगाए 'पाकिस्तान जिंदा बाद' के नारे
Courtesy: Social Media

मुंबई: रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है, लेकिन इसी बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक पाकिस्तानी परिवार यूके के एक थिएटर से बाहर निकलते हुए फिल्म पर अपना रिएक्शन देता नजर आ रहा है. वीडियो में परिवार के सदस्य फिल्म को लेकर काफी निराश दिखते हैं और खुलकर अपनी आलोचना करते हैं.

वीडियो में एक व्यक्ति फिल्म को थर्ड क्लास बताते हुए कहता है कि उसने अपनी जिंदगी में इतनी खराब फिल्म नहीं देखी. वहीं एक महिला भी फिल्म को बेहद खराब बताते हुए कहती है कि अगर इससे भी बुरा कोई शब्द होता तो वह इस फिल्म के लिए इस्तेमाल करती. ग्रुप के दूसरे लोग भी फिल्म को बकवास और फेल बताते नजर आते हैं.

थिएटर के बाहर लगे नारे

इस वीडियो का सबसे चर्चा में रहने वाला हिस्सा वह है, जहां कुछ लोग थिएटर के बाहर नारे लगाते हुए दिखाई देते हैं. वीडियो में मेजर इकबाल जिंदाबाद और पाकिस्तान जिंदाबाद जैसे नारे भी सुनाई देते हैं, जिसने इस मामले को और ज्यादा संवेदनशील बना दिया है.

दिलचस्प बात यह है कि यही परिवार कुछ समय पहले धुरंधर के पहले पार्ट की जमकर तारीफ कर चुका है. दिसंबर 2025 में रिलीज हुई पहली फिल्म को उन्होंने देखने लायक बताया था और उसकी सराहना की थी. अब उसी फ्रेंचाइजी के दूसरे पार्ट पर उनकी कड़ी प्रतिक्रिया ने लोगों को हैरान कर दिया है.

फिल्म में खली अक्षय खन्ना की कमी

परिवार के कुछ सदस्यों ने यह भी कहा कि उन्हें इस बार अक्षय खन्ना की कमी महसूस हुई. पहले पार्ट में उनके किरदार रहमान डकैत को काफी पसंद किया गया था, लेकिन सीक्वल में उनकी गैरमौजूदगी दर्शकों को खली. जहां एक तरफ इस तरह के वीडियो सामने आ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ रणवीर सिंह की यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर लगातार रिकॉर्ड बना रही है. फिल्म ने महज तीन दिनों में भारत में 339.27 करोड़ की कमाई कर ली है और दुनिया भर में 500 करोड़ क्लब में एंट्री कर चुकी है.

पाकिस्तान में यह फिल्म आधिकारिक तौर पर रिलीज नहीं हुई है, लेकिन इसके बावजूद वहां के लोग इसे लेकर चर्चा कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो सामने आए हैं, जिनमें लोग फिल्म को घर पर देखते हुए अपनी राय दे रहे हैं.