मुंबई: रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर द रिवेंज इन दिनों सिनेमाघरों में दर्शकों का दिल जीत रही है. रिलीज के पहले दिन से ही फिल्म ने जिस तरह की कमाई शुरू की, उसने साफ कर दिया कि यह फिल्म सिर्फ हिट नहीं बल्कि कुछ ही समय में सुपरहिट फिल्मों की लिस्ट में शामिल हो सकती है. आदित्य धर की डायरेक्टेड इस स्पाई थ्रिलर फिल्म ने शुरुआत से ही जबरदस्त पकड़ बनाई है. दर्शकों की भारी भीड़ और पॉजिटिव रिस्पॉन्स ने फिल्म को पहले ही दिन सुपरहिट की कतार में ला खड़ा किया.
फिल्म की कमाई के आंकड़े बेहद चौंकाने वाले हैं. पहले ही दिन से फिल्म ने रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया और लगातार तेजी बनाए रखी. दिन 0 यानी प्रीव्यू में फिल्म ने 43 करोड़ की शानदार ओपनिंग की. इसके बाद गुरुवार को 102.55 करोड़ का बड़ा कलेक्शन हुआ. शुक्रवार को हल्की गिरावट के साथ 80.72 करोड़ की कमाई हुई, लेकिन शनिवार को फिल्म ने फिर जोरदार वापसी करते हुए 113 करोड़ का आंकड़ा छू लिया. तीन दिन और प्रीव्यू मिलाकर फिल्म का कुल कलेक्शन 339.27 करोड़ तक पहुंच गया है.
शनिवार की शानदार कमाई के बाद अब सभी की नजर रविवार पर टिकी हुई है. छुट्टी का दिन होने के कारण ट्रेड एक्सपर्ट्स को उम्मीद है कि फिल्म एक और बड़ा उछाल दर्ज करेगी. अगर ऐसा होता है तो भारत में फिल्म का कुल कलेक्शन जल्द ही 400 से 500 करोड़ के करीब पहुंच सकता है. यह उपलब्धि किसी भी फिल्म के लिए बेहद खास मानी जाती है.
सिर्फ भारत ही नहीं, विदेशों में भी धुरंधर 2 का जादू देखने को मिल रहा है. फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में भी शानदार प्रदर्शन किया है. विदेशों से 96.50 करोड़ की कमाई के साथ फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 501.04 करोड़ तक पहुंच गया है. इतनी तेजी से 500 करोड़ क्लब में एंट्री करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है. यह फिल्म उन चुनिंदा हिंदी फिल्मों में शामिल हो गई है जिन्होंने इतनी कम समय में यह मुकाम हासिल किया है.
धुरंधर फ्रेंचाइजी का कुल बजट करीब 280 करोड़ बताया जा रहा है. खास बात यह है कि फिल्म का पहला पार्ट ही अपनी लागत निकाल चुका था. अब दूसरे पार्ट की कमाई सीधे मुनाफे में बदल रही है. जिस रफ्तार से फिल्म कमाई कर रही है, उसे देखकर साफ है कि यह फिल्म मेकर्स के लिए सोने की खान साबित हो रही है.