ग्लोबल पॉप आइकॉन और वाका-वाका गर्ल शकीरा के भारतीय फैंस के लिए एक बेहद बुरी खबर है. लगभग 19 साल के लंबे इंतजार के बाद शकीरा इसी अप्रैल में भारत में परफॉर्म करने वाली थीं, लेकिन अमेरिका और ईरान के बीच गहराते युद्ध और तनाव के कारण उनका यह कॉन्सर्ट अनिश्चित काल के लिए टाल दिया गया है. इस खबर ने फैंस के वीकेंड का मजा किरकिरा कर दिया. सोशल मीडिया पर मायूसी के साथ-साथ आयोजकों पर लोगों का गुस्सा भी फूट रहा है.
शकीरा 10 और 11 अप्रैल को मुंबई में और 15 अप्रैल को दिल्ली में परफॉर्म करने वाली थी. उनके इस शो को लेकर इतना क्रेज था कि देश-विदेश से लोगों ने महंगी फ्लाइट्स और होटल बुक कर लिए थे. अब कॉन्सर्ट टलने से फैंस भड़क गए हैं. सोशल मीडिया पर एक यूजर ने कमेंट किया, "मेरी फ्लाइट का किराया कौन देगा???" वहीं एक अन्य फैन ने अपना दर्द बयां करते हुए लिखा, "सीधे-सीधे कह दो कि यह इवेंट कैंसिल हो गया है, दिल टूट गया मेरा." फैंस लगातार आयोजकों से सवाल कर रहे हैं कि क्या वे उनके नुकसान की भी भरपाई करेंगे?
इस इवेंट का आयोजन जोमैटो के डिस्ट्रिक्ट प्लेटफॉर्म द्वारा फीडिंग इंडिया कॉन्सर्ट के तहत किया जा रहा था. डिस्ट्रिक्ट ने इंस्टाग्राम पर एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए लिखा, "मौजूदा क्षेत्रीय तनाव को देखते हुए शकीरा का कॉन्सर्ट अगली सूचना तक टाला जा रहा है. हमारे लिए फैंस, आर्टिस्ट और क्रू की सुरक्षा सबसे ऊपर है." आयोजकों ने साफ किया है कि जिन लोगों ने टिकट खरीदे थे, उनके पूरे पैसे 5-7 वर्किंग डेज के अंदर उनके अकाउंट में अपने-आप रिफंड हो जाएंगे. फिलहाल आर्टिस्ट की टीम के साथ मिलकर नई तारीखें तलाशने का काम चल रहा है.
आपको बता दें कि मिडिल ईस्ट के इसी तनाव के कारण हॉलीवुड रैपर कान्ये वेस्ट का दिल्ली कॉन्सर्ट भी 2 महीने के लिए खिसका दिया गया है. पहले वह 29 मार्च को परफ़ॉर्म करने वाले थे, लेकिन अब उनका शो 23 मई को होग. अब देखना होगा कि यह हालात कब तक ऐसे ही बने रहते हैं.