Nagarjuna Birthday: 29 अगस्त 2025 यानी आज तेलुगु सिनेमा के सुपरस्टार नागार्जुन अपना जन्मदिन मना रहे हैं. इस खास मौके पर आइए जानते हैं उनके जीवन और करियर की कुछ दिलचस्प बातें. नागार्जुन का जन्म 29 अगस्त 1959 को चेन्नई में हुआ था. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत महज दो साल की उम्र में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट की थी.
उनकी पहली फिल्म 'वेलुगु नीडालु' थी, जिसमें उन्होंने छोटी सी उम्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया. इसके बाद उन्होंने कई अन्य फिल्मों में भी बाल कलाकार के रूप में काम किया, जिसने उनके अभिनय की नींव मजबूत की. नागार्जुन ने 1986 में फिल्म 'विक्रम' से मुख्य अभिनेता के रूप में डेब्यू किया. उनकी यह फिल्म दर्शकों को खूब पसंद आई और उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया.
चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर करियर की शुरुआत
इसके बाद 'शिवा', 'मास', 'डॉन' और 'किंग' जैसी फिल्मों ने उन्हें तेलुगु सिनेमा का 'किंग' बना दिया. उनकी एक्टिंग, स्टाइल और डायलॉग डिलीवरी ने लाखों प्रशंसकों का दिल जीता. नागार्जुन ने न केवल तेलुगु, बल्कि हिंदी और तमिल फिल्मों में भी अपनी छाप छोड़ी. उनकी बॉलीवुड फिल्म 'शिवा' आज भी क्लासिक मानी जाती है.
साउथ फिल्मों में बजता है डंका
नागार्जुन केवल एक अभिनेता ही नहीं, बल्कि एक सफल निर्माता और बिजनेसमैन भी हैं. उन्होंने अन्नपूर्णा स्टूडियोज की स्थापना की, जो साउथ सिनेमा के लिए एक बड़ा प्रोडक्शन हाउस है. इसके अलावा वह खेल और रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों में भी सक्रिय हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति 3500 करोड़ रुपये से अधिक है. निजी जीवन में नागार्जुन अपनी सादगी और परिवार के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते हैं। उनके बेटे नागा चैतन्य और अखिल अक्किनेनी भी साउथ सिनेमा में अपनी पहचान बना रहे हैं. आज भी नागार्जुन की फैन फॉलोइंग जबरदस्त है और उनकी फिल्में दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच लाती हैं.