Shine Tom Chackos Father Died: मलयालम सिनेमा के मशहूर एक्टर शाइन टॉम चाको के परिवार को एक दुखद हादसे का सामना करना पड़ा है. शुक्रवार सुबह तमिलनाडु के धर्मपुरी के पास हुई कार दुर्घटना में उनके पिता सी.पी. चाको की मौके पर ही मृत्यु हो गई है. इस हादसे में शाइन टॉम चाको, उनकी मां, भाई और ड्राइवर घायल हो गए और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह दुर्घटना सुबह करीब 7 बजे धर्मपुरी के पास पलाकोट्टई में हुई. परिवार एक कार में बेंगलुरु की ओर जा रहा था, जब उनकी गाड़ी सामने से आ रही एक लॉरी से टकरा गई. वहां मौजूद लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार सभी पांच लोग घायल हो गए.
शाइन टॉम चाको की दाहिनी बांह में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि उनकी मां मारिया कार्मेल (65) और भाई को मामूली चोटें आई हैं. सभी घायलों का इलाज पलाकोट्टई के सरकारी अस्पताल में चल रहा है. दुर्भाग्यवश, शाइन के पिता सी.पी. चाको को बचाया नहीं जा सका.
हादसे की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. फैंस और शुभचिंतक शाइन और उनके परिवार के लिए दुआएं मांग रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, 'यह बहुत दुखद खबर है. शाइन और उनके परिवार के लिए प्रार्थना करता हूं.'
शाइन टॉम चाको ने अपने करियर की शुरुआत बतौर सहायक डायरेक्टर की थी और 2011 में फिल्म ‘गदम्मा’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा. उन्होंने ‘ई अदुथा कालाथु’, ‘चैप्टर्स’, ‘अन्नयम रसूलम’, ‘मसाला रिपब्लिक’ और ‘जिगरथंडा डबलएक्स’ जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय किया. हाल ही में वे तमिल फिल्म ‘गुड बैड अग्ली’ में नजर आए, जो 10 अप्रैल 2025 को रिलीज हुई थी. उनकी अनोखी अभिनय शैली ने उन्हें मलयालम, तमिल और तेलुगु सिनेमा में खास पहचान दिलाई है.
हाल ही में, एक्ट्रेस विंसी एलोशियस ने शाइन पर उनकी आगामी मलयालम फिल्म ‘सुत्रवाक्यम’ के सेट पर ड्रग्स के इस्तेमाल और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था. मातृभूमि की एक रिपोर्ट के अनुसार, शाइन ने इसे अपनी ‘स्वाभाविक शैली’ बताया, लेकिन विंसी को ठेस पहुंचने के लिए माफी भी मांगी. इस मामले की जांच के लिए एक आंतरिक समिति बनाई गई थी.