menu-icon
India Daily

CBSE Board Exam 2027 की डेटशीट जारी, 16 फरवरी से शुरू होंगी 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं, यहां देखें पूरा शेड्यूल

सीबीएसई ने 2027 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की संभावित डेटशीट जारी की है. परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होकर मार्च और अप्रैल तक चलेंगी.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
CBSE Board Exam 2027 की डेटशीट जारी, 16 फरवरी से शुरू होंगी 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं, यहां देखें पूरा शेड्यूल
Courtesy: X

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए 2027 की संभावित डेटशीट जारी कर दी है. इसके मुताबिक, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी. कक्षा 10 की परीक्षाएं 9 मार्च तक, जबकि कक्षा 12 की परीक्षाएं 9 अप्रैल 2027 तक चलेंगी. सभी परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे (भारतीय समयानुसार) शुरू होंगी.

10वीं में 83 और 12वीं में 121 विषयों की परीक्षा

सीबीएसई की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, कक्षा 10 के विद्यार्थी कुल 83 विषयों की परीक्षा देंगे. वहीं, कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए 121 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी. बोर्ड ने परीक्षा की तारीखें तय करते समय 40 हजार से अधिक विषय संयोजनों को ध्यान में रखा है, ताकि किसी विद्यार्थी के चुने हुए दो विषयों की परीक्षा एक ही दिन न पड़े. बोर्ड ने परीक्षाएं शुरू होने से 101 दिन पहले डेटशीट जारी की है, जिससे विद्यार्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके.

जनवरी से शुरू होंगे प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट असेसमेंट

सीबीएसई की कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं और प्रोजेक्ट असेसमेंट 1 जनवरी 2027 से शुरू होंगे. वहीं, विंटर-बाउंड स्कूलों में प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 के बीच आयोजित किए जाएंगे.

CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर ऐसे देखें डेटशीट

विद्यार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर अपनी कक्षा की विषयवार डेटशीट देख और डाउनलोड कर सकते हैं. इसके लिए वेबसाइट के 'लेटेस्ट अनाउंसमेंट्स' या 'एग्जामिनेशन' सेक्शन में जाकर कक्षा 10 या 12 की डेटशीट 2027 के लिंक पर क्लिक करना होगा. इसके बाद स्क्रीन पर टाइमटेबल की PDF खुल जाएगी, जिसे डाउनलोड करके भविष्य के लिए सुरक्षित रखा जा सकता है.

2027 बोर्ड परीक्षा के सैंपल पेपर भी जारी

सीबीएसई ने कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए 2027 के सैंपल पेपर भी जारी किए हैं. विद्यार्थी इन्हें बोर्ड की शैक्षणिक वेबसाइट cbseacademic.nic.in से डाउनलोड कर सकते हैं. सैंपल पेपर की मदद से छात्र परीक्षा के पैटर्न, प्रश्नों के प्रकार और तैयारी के स्तर को समझ सकते हैं.

विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे विषयवार परीक्षा की तारीखें देखकर अपनी पढ़ाई की योजना बनाएं और परीक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखें.