menu-icon
India Daily

'मेरी फिल्म देखने वालों को एक्स्ट्रा मार्क्स...' क्या सच में शिक्षा मंत्री बनना चाहती हैं कंगना रनौत? दिया ऐसा बयान!

कंगना रनौत के नाम से सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें शिक्षा मंत्री बनाए जाने की मांग करते हुए दिखाया गया है. जांच में यह दावा फर्जी बताया गया है और अभिनेत्री की ओर से ऐसा कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया.

babli
Edited By: Babli Rautela
'मेरी फिल्म देखने वालों को एक्स्ट्रा मार्क्स...' क्या सच में शिक्षा मंत्री बनना चाहती हैं कंगना रनौत? दिया ऐसा बयान!
Courtesy: Social Media

सोशल मीडिया पर इन दिनों अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत के नाम से एक कथित पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है. इस पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उन्हें देश का अगला शिक्षा मंत्री बनाने की अपील की है. इतना ही नहीं, पोस्ट में यह भी लिखा गया है कि जो छात्र थिएटर में उनकी फिल्म देखेंगे, उन्हें NEET में अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे. यह दावा सामने आते ही सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई. हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार यह पोस्ट फर्जी है और कंगना रनौत ने ऐसा कोई बयान आधिकारिक तौर पर जारी नहीं किया है.

क्या है वायरल पोस्ट का दावा?

वायरल पोस्ट में कंगना रनौत के नाम से लिखा गया है कि वह शिक्षा मंत्री बनना चाहती हैं क्योंकि वह शिक्षा के महत्व को समझती हैं. पोस्ट में आगे मजाकिया अंदाज में दावा किया गया है कि उनकी फिल्मों को थिएटर में देखने वाले छात्रों को NEET में अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे, जिससे उनकी फिल्मों को भी फायदा मिलेगा. पोस्ट की भाषा और डिजाइन को इस तरह तैयार किया गया है कि पहली नजर में यह असली सोशल मीडिया पोस्ट जैसा दिखाई देता है.

Kangana Ranaut - India Daily
Kangana Ranaut - India Daily Social Media

जांच में क्या सामने आया?

अब तक कंगना रनौत के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर ऐसा कोई पोस्ट मौजूद नहीं है. अभिनेत्री या उनकी टीम की ओर से भी इस तरह का कोई बयान जारी नहीं किया गया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर को कई यूजर्स ने एआई (AI) से तैयार किया गया फर्जी कंटेंट बताया है. फिलहाल इस दावे की पुष्टि करने वाला कोई आधिकारिक स्रोत मौजूद नहीं है.

वायरल पोस्ट को लेकर कंगना रनौत ने अभी तक सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. न ही उन्होंने इस पोस्ट का समर्थन किया है और न ही इसकी पुष्टि की है. ऐसे में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस दावे को सही मानने का कोई आधार फिलहाल उपलब्ध नहीं है. 

कंगना रनौत का वर्क फ्रंट?

वर्क फ्रंट की बात करें तो कंगना रनौत आखिरी बार फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' में नजर आई थीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक वह अब अपनी चर्चित फिल्म 'क्वीन 2' को लेकर चर्चा में हैं. हालांकि, फिल्म से जुड़ी आधिकारिक घोषणाओं का इंतजार किया जा रहा है.