menu-icon
India Daily

लाइव शो के दौरान मंच पर गिरी मशहूर पॉप सिंगर, एक महीने में घटाया 10 किलो वजन; वीडियो वायरल

मशहूर पॉप सिंगर ह्युनए लाइव शो के दौरान मंच पर गिरकर बेहोश हो गईं. जिसके बाद उनका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.

auth-image
Edited By: Antima Pal
k pop star hyuna
Courtesy: grab

दक्षिण कोरिया की मशहूर के-पॉप सिंगर ह्युनए ने अपने फैन्स को डरा दिया. वाटरबॉम्ब 2025 मकाऊ म्यूजिक फेस्टिवल के दौरान परफॉर्मेंस के बीच अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे स्टेज पर गिर पड़ीं. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे फैन्स की चिंता बढ़ गई है. खास बात ये है कि हाल ही में ह्युनए ने बताया था कि उन्होंने सिर्फ एक महीने में 10 किलोग्राम वजन कम कर लिया है.

9 नवंबर 2025 को मकाऊ के इस फेस्टिवल में ह्युनए अपना हिट सॉन्ग 'बबल पॉप' गा रही थीं. डेनिम आउटफिट में धमाकेदार डांस कर रही 33 साल की सिंगर अचानक बेहोश हो गईं. बैकअप डांसर्स ने फौरन उन्हें संभाला, जबकि सिक्योरिटी गार्ड ने गोद में उठाकर स्टेज से बाहर ले गए. पूरा शो रुक गया और दर्शक स्तब्ध रह गए. 

लाइव शो के दौरान मंच पर गिरी मशहूर पॉप सिंगर

वीडियो में साफ दिख रहा है कि ह्युनए का चेहरा पीला पड़ गया था और वे गिरते ही बेहोश हो गईं. यह घटना उनके हालिया वजन घटाने के खुलासे के ठीक बाद हुई है. 3 अक्टूबर को ह्युनए ने इंस्टाग्राम पर बताया कि शादी के बाद उन्होंने ज्यादा खाना खाया, जिससे वजन बढ़ गया. फैन्स ने प्रेग्नेंसी की अफवाहें भी उड़ा दीं.

ह्युनए ने पुरानी फोटो शेयर करते हुए कहा कि वे अपनी पुरानी फिटनेस हासिल करना चाहती हैं. 4 नवंबर तक उन्होंने 10 किलोग्राम वजन कम कर लिया, जो अब 49 किलोग्राम है. उन्होंने लिखा कि वजन का पहला अंक बदलना सबसे मुश्किल था, लेकिन डाइट अभी जारी है.

हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि इतनी तेजी से वजन घटाना खतरनाक है. इससे थकान, चक्कर, कमजोरी और पोषण की कमी हो सकती है. कोरिया टाइम्स की रिपोर्ट में बताया गया कि ह्युनए को पहले भी वासोवागल सिन्कोप (अचानक ब्लड प्रेशर गिरना) की समस्या रही है. अगर वजन 45 किलोग्राम से नीचे जाता है, तो स्टेमिना तेजी से कम हो जाता है. फैन्स का मानना है कि सख्त डाइट और परफॉर्मेंस का दबाव इस हादसे का कारण हो सकता है.

घटना के बाद ह्युनए ने इंस्टाग्राम पर ब्लैक स्क्वायर के साथ पोस्ट शेयर की. उन्होंने लिखा- 'मुझे बहुत शर्मिंदा लग रही है. मैं अपना बेस्ट देना चाहती थी, लेकिन प्रोफेशनल नहीं रह पाई. सच कहूं तो मुझे कुछ याद ही नहीं. मकाऊ के फैन्स और मेरे 'ए-इंग' (फैनडम) ने दूर से आकर पैसे खर्च किए, फिर भी मैं पूरा शो नहीं दे सकी. सॉरी! अब से स्टेमिना बढ़ाने पर ध्यान दूंगी. बचपन से आपने मुझे सपोर्ट किया, थैंक यू और हां मैं बिल्कुल ठीक हूं, चिंता मत करो. गुड नाइट!'

ह्युनए ने 2024 में सिंगर यॉन्ग जूनह्युंग से शादी की थी. वे 'ट्रबलमेकर' और '4मिनट' बैंड से फेमस हैं. फैन्स उम्मीद कर रहे हैं कि ह्युनए जल्द रिकवर होकर वापसी करें.