menu-icon
India Daily

सोने की साड़ी, गजरा और आम का पर्स... Met Gala 2026 में कुछ ऐसा था ईशा अंबानी का लुक

दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फैशन इवेंट मेट गाला 2026 में इस बार भारतीय संस्कृति की झलक खास अंदाज में देखने को मिली. इस इवेंट में ईशा अंबानी ने अपने अनोखे लुक से सबका ध्यान अपनी ओर खींचा. उनका यह अंदाज सिर्फ फैशन नहीं, बल्कि भारतीय कला, शिल्प और विरासत का एक सशक्त प्रदर्शन बन गया.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
सोने की साड़ी, गजरा और आम का पर्स... Met Gala 2026 में कुछ ऐसा था ईशा अंबानी का लुक
Courtesy: X (@nmacc_india)

नई दिल्ली: अकसर देखा गया है कि विदेशी मंचों पर अंबानी फैमिली ने भारतीय परंपरा और संस्कृति को बहुत शान से रखा है. हर विदेशी इवेंट में अंबानी फैमिली ने हमेशा ही भारत का नाम आगे रखा है. इसी कड़ी दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फैशन इवेंट मेट गाला 2026 में इस बार भारतीय संस्कृति की झलक खास अंदाज में देखने को मिली, जब ईशा अंबानी ने अपने अनोखे लुक से सबका ध्यान खींच लिया. उनका यह अंदाज सिर्फ फैशन नहीं, बल्कि भारतीय कला, शिल्प और विरासत का एक सशक्त प्रदर्शन बन गया.

इस खास मौके पर ईशा अंबानी ने मशहूर डिजाइनर गौरव गुप्ता द्वारा तैयार की गई साड़ी पहनी, जिसमें पारंपरिक पिछवाई कला से प्रेरित हाथ से बने डिजाइन थे. इसके साथ उन्होंने एक आकर्षक मूर्तिकलात्मक केप भी कैरी किया, जो उनके पूरे लुक को और खास बना रहा था.

कारीगरों की मेहनत का प्रतीक

यह साड़ी रिलायंस रिटेल द्वारा शुरू किए गए कारीगरों के विशेष खुदरा ब्रांड स्वदेश के कारीगरों द्वारा शुद्ध सोने के धागों से बुनी गई थी. यह न केवल एक परिधान था, बल्कि भारतीय हस्तशिल्प की बारीकी और मेहनत का एक जीता जागता उदाहरण भी था.

गहनों में शाही अंदाज

वहीं ईशा के ब्लाउज को असली हीरों, पन्नों और कुंदन से सजाया गया था. खास बात यह रही कि इसके पीछे निजाम के ऐतिहासिक आभूषण संग्रह से प्रेरित एक शानदार सरपेच भी जोड़ा गया था, जिसने उनके लुक में शाहीपन जोड़ दिया.

ईशा ने रेड कार्पेट पर दिए एक इंटरव्यू में कहा कि, 'यह ब्लाउज मेरी मां के गहनों से भरा हुआ है.' इतना ही नहीं डिजाइनर गौरव गुप्ता ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'इस ब्लाउज में 1800 कैरेट से ज्यादा के हीरे, पन्ना, पोल्की और कुंदन जड़े हुए हैं, जो इसे विरासत और रूप की एक जीवंत सतह में बदल देते हैं.'

फैशन के साथ कला का मेल

अंबानी के मेट गाला के इस शानदार लुक की खासियतें यहीं खत्म नहीं होती. इस बार उनका लुक केवल कपड़ों तक सीमित नहीं था. उन्होंने अपने साथ सुबोध गुप्ता द्वारा बनाई गई आम की एक कलात्मक मूर्ति भी रखी, जिसे क्रोशे बैग में कैरी किया गया. यह ‘फैशन ही कला है’ थीम को पूरी तरह दर्शाता नजर आया.

साथ ही ईशा ने अपने बालों में गजरा से प्रेरित एक खास आभूषण भी लगाया, जिसे कलाकार सौरभ गुप्ता ने आधुनिक शैली में तैयार किया था. यह भारतीय परंपरा और समकालीन कला का सुंदर संगम था.