menu-icon
India Daily

थलापति विजय की जीत पर खुशी से झूमे सेलेब्स, हेमा मालिनी से लेकर कमल हासन तक ने यूं दी बधाई

थलापति विजय अब राजनीति के नए सितारे बनते नजर आ रहे हैं. तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में उनकी नई पार्टी तमिलगा वेट्ट्री कजगम ने शानदार प्रदर्शन किया है. सोमवार 4 मई को मतगणना के दौरान विजय की पार्टी ने बड़ी बढ़त बना ली है.

antima
Edited By: Antima Pal
थलापति विजय की जीत पर खुशी से झूमे सेलेब्स, हेमा मालिनी से लेकर कमल हासन तक ने यूं दी बधाई
Courtesy: x

दक्षिण के सुपरस्टार थलापति विजय अब राजनीति के नए सितारे बनते नजर आ रहे हैं. तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में उनकी नई पार्टी तमिलगा वेट्ट्री कजगम ने शानदार प्रदर्शन किया है. सोमवार 4 मई को मतगणना के दौरान विजय की पार्टी ने बड़ी बढ़त बना ली है. महज दो साल पहले बनी पार्टी ने 49 साल से सत्ता में रहे द्रमुक और अन्नाद्रमुक जैसे दलों को पीछे छोड़ दिया है. 

अभिनेता से नेता बने विजय इस समय तमिलनाडु की राजनीति में चर्चा के केंद्र हैं. उनकी पार्टी की इस जबरदस्त शुरुआती सफलता पर फिल्म जगत के कई बड़े नामों ने उन्हें बधाई दी है. 

हेमा मालिनी ने दी खास बधाई

अभिनेत्री और भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने एक्स पर पोस्ट कर विजय को बधाई दी. उन्होंने लिखा- 'इस नई भूमिका के लिए विजय को मेरी हार्दिक बधाई. बहुत संभव है कि वे तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री की भूमिका में नजर आएंगे.' हेमा मालिनी का यह बयान सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.

कमल हासन का भावुक संदेश

दिग्गज अभिनेता कमल हासन ने भी विजय को बधाई देते हुए कहा- 'तमिलगा वेट्ट्री कजगम के नेता विजय और उनकी पूरी टीम को मेरी बधाई. आपने जनता का विश्वास जीता है. पहले ही चुनाव में शानदार जीत हासिल की है. जनसेवा के लिए शुभकामनाएं.' कमल हासन और विजय के बीच यह सराहना फैंस को खूब पसंद आ रही है.

टाइगर श्रॉफ ने भी बढ़ाई तारीफ

बॉलीवुड स्टार टाइगर श्रॉफ ने विजय की जीत पर खुशी जताते हुए लिखा- 'विजय को बहुत-बहुत बधाई. लोगों का आप पर भरोसा देखना अद्भुत है. आपके जीवन के इस नए पड़ाव के लिए ढेर सारी शक्ति और सफलता मिले.' विजय ने साल 2024 में अपनी पार्टी टीवीके बनाई थी. इस बार उन्होंने पहली बार चुनावी मैदान में कदम रखा और नतीजे काफी उत्साहजनक आ रहे हैं.

फैंस का कहना है कि विजय की लोकप्रियता और छवि ने पार्टी को इतनी तेजी से आगे बढ़ाया है. तमिलनाडु के लोग लंबे समय से बदलाव चाहते थे। विजय की पार्टी ने युवाओं और आम लोगों के बीच अच्छी पकड़ बनाई है. अगर पार्टी इस बढ़त को बनाए रखती है तो थलापति विजय तमिलनाडु की सियासत में नया इतिहास रच सकते हैं. 

सेलेब्स की बधाइयों से साफ है कि फिल्म इंडस्ट्री विजय के इस नए सफर को समर्थन दे रही है. चाहे बॉलीवुड हो या कोलिवुड, हर तरफ विजय की तारीफ हो रही है. अभी अंतिम नतीजों का इंतजार है, लेकिन शुरुआती रुझानों ने पूरे देश का ध्यान खींच लिया है. थलापति विजय की यह राजनीतिक पारी अब और रोचक होती जा रही है.