मुंबई: आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर दिया है. रिलीज के लगभग डेढ़ महीने बाद भी फिल्म थमने का नाम नहीं ले रही है. अब इसने साउथ की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'बाहुबली 2' का रिकॉर्ड तोड़ दिया है और भारतीय सिनेमा की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है.
सैकनिल्क के ताजा आंकड़ों के अनुसार 'धुरंधर 2' ने वर्ल्डवाइड कुल 1788.32 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है. वहीं 'बाहुबली 2' ने 1788.06 करोड़ रुपये कमाए थे. सिर्फ 26 हजार रुपये के फर्क से 'धुरंधर 2' ने उसे पीछे छोड़ दिया. अब टॉप पर आमिर खान की 'दंगल' है, जिसने 2070 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड बिजनेस किया था.
फिल्म ने भारत में शानदार परफॉर्मेंस दिखाई है. यहां इसका नेट कलेक्शन 1138.54 करोड़ और ग्रॉस कलेक्शन 1362.60 करोड़ रुपये पहुंच गया है. विदेशी बाजार में भी फिल्म ने अच्छा प्रदर्शन किया है और 425.75 करोड़ रुपये कमाए हैं. रविवार को यानी रिलीज के 46वें दिन फिल्म ने 1.40 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया. इस दिन 719 शोज हुए और 38.7 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी रही. फिल्म अब भी अच्छी संख्या में स्क्रीन्स पर चल रही है.
'धुरंधर' का पहला पार्ट दिसंबर 2025 में रिलीज हुआ था. आदित्य धर द्वारा निर्देशित इस फिल्म में अक्षय खन्ना ने जबरदस्त भूमिका निभाई और पूरी लाइमलाइट अपने नाम कर ली. पहले भाग ने वर्ल्डवाइड 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया था. अब सीक्वल ने उससे भी बड़ा रिकॉर्ड बनाते हुए फैंस को खुश कर दिया है. एक्शन, इमोशन और दमदार कहानी के साथ बनी यह फिल्म दर्शकों को थिएटर में खींच ला रही है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर फिल्म इसी रफ्तार से चलती रही तो 'दंगल' का रिकॉर्ड भी टूट सकता है.
'धुरंधर 2' की सफलता न सिर्फ आदित्य धर के लिए बल्कि पूरी टीम के लिए बड़ी उपलब्धि है. दर्शक अब फिल्म की और ज्यादा कमाई का इंतजार कर रहे हैं. क्या यह 'दंगल' को भी पीछे छोड़ देगी? समय के साथ यह साफ हो जाएगा. फिलहाल तो 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर राज कर रही है और सिनेमाघरों में धमाल मचा रही है.