menu-icon
India Daily

कमबैक से पहले इमरान खान का खुलासा, किन फिल्मों में काम करना चाहते हैं आमिर खान के भतीजे?

इमरान खान ने अपने कमबैक से पहले दिए बयान से बॉलीवुड में नई बहस छेड़ दी है. उन्होंने साफ कहा कि उन्हें गुस्से और हिंसा से भरे किरदारों में दिलचस्पी नहीं है. इसके साथ ही उन्होंने LGBTQ कहानियों में काम करने की इच्छा भी जताई है.

babli
Edited By: Babli Rautela
कमबैक से पहले इमरान खान का खुलासा, किन फिल्मों में काम करना चाहते हैं आमिर खान के भतीजे?
Courtesy: Social Media

मुंबई: इमरान खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं और इस बार वजह उनका कमबैक नहीं बल्कि उनका बयान है. हाल ही में उन्होंने फैंस के साथ बातचीत के दौरान कहा कि उन्हें खून से लथपथ गुस्से वाले और बालों वाले आदमी का किरदार निभाने में कोई दिलचस्पी नहीं है. उनका यह बयान आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई. कई लोगों को लगा कि उन्होंने मौजूदा फिल्मों के ट्रेंड पर निशाना साधा है.

कुछ यूजर्स ने इसे रणवीर सिंह की धुरंधर फ्रेंचाइजी और रणबीर कपूर की एनिमल जैसी फिल्मों से जोड़कर देखा. हालांकि इमरान ने किसी फिल्म या एक्टर का नाम नहीं लिया.

माचो रोल्स पर क्या बोले इमरान

इमरान खान का कहना है कि इस तरह के किरदार अब बहुत ज्यादा हो गए हैं. उनके अनुसार दर्शकों को बार बार एक जैसे किरदार दिखाना सही नहीं है और अब फिल्मों में विविधता की जरूरत है. उन्होंने साफ कहा कि वह ऐसे रोल्स से दूरी बनाना चाहते हैं और कुछ अलग और संवेदनशील कहानियों का हिस्सा बनना चाहते हैं. यह बयान ऐसे समय में आया है जब बॉलीवुड में एक्शन और हिंसा से भरी फिल्मों का चलन तेजी से बढ़ा है.

Dhurandhar 2 -India Daily
Dhurandhar 2 -India Daily Social Media

LGBTQ कहानियों को लेकर खुली सोच

इमरान खान ने यह भी बताया कि वह LGBTQ मुद्दों को लेकर काफी समय से संवेदनशील रहे हैं. उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी पहचान और अपनी जिंदगी जीने का पूरा हक है. अगर उन्हें कोई अच्छी और ईमानदार कहानी मिलती है तो वह जरूर ऐसी फिल्म का हिस्सा बनना चाहेंगे. हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि वह सिर्फ दिखावे के लिए ऐसे किरदार नहीं निभाना चाहते.  उनका मानना है कि कहानी सच्ची और सम्मानजनक होनी चाहिए.

इमरान खान ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म जाने तू या जाने ना से की थी. इस फिल्म के बाद उन्हें बॉलीवुड का अगला बड़ा स्टार माना जाने लगा था. लेकिन शुरुआती सफलता के बाद उनकी कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाईं. साल 2015 में कट्टी बट्टी के फ्लॉप होने के बाद उन्होंने एक्टिंग से दूरी बना ली. इसके बाद वह लंबे समय तक फिल्मों से गायब रहे.