अक्षय कुमार और सैफ अली खान की मच अवेटेड फिल्म 'हैवान' आखिरकार 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस एक्शन थ्रिलर से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं, खासकर इसलिए क्योंकि अक्षय कुमार और सैफ अली खान करीब 18 साल बाद बड़े पर्दे पर एक साथ लौटे हैं. हालांकि शुरुआती बॉक्स ऑफिस आंकड़ों में फिल्म की रफ्तार फिलहाल धीमी नजर आ रही है.
शुरुआती ट्रेड आंकड़ों के मुताबिक 11 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक 'हैवान' ने भारत में करीब 1.13 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी. इस दौरान फिल्म के करीब 4,060 शो दर्ज किए गए. फिल्म ने सुबह के शोज में 5.92 प्रतिशत हिंदी ऑक्यूपेंसी दर्ज की. वहीं भारत में फिल्म का शुरुआती ग्रॉस कलेक्शन करीब 1.33 करोड़ रुपये बताया गया है. हालांकि यह आंकड़े दिन के शुरुआती हिस्से के हैं. फिल्म के पूरे पहले दिन की कमाई का अंतिम आंकड़ा 12 सितंबर को अपडेट होने की उम्मीद है. ऐसे में दिन के बाकी शोज और शाम-रात के प्रदर्शन के बाद कलेक्शन में बदलाव हो सकता है.
'हैवान' की सबसे बड़ी खासियत अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी है. दोनों कलाकार इससे पहले 2008 में रिलीज हुई फिल्म 'टशन' में साथ नजर आए थे. करीब 18 साल बाद दोनों की जोड़ी दोबारा बड़े पर्दे पर दिखाई दी है.
इस बार दोनों का अंदाज भी काफी अलग है. सैफ फिल्म में श्याम राणे नाम के एक नेत्रहीन किरदार की भूमिका निभा रहे हैं. वहीं अक्षय कुमार को परशुराम नाम के खतरनाक विलेन के रूप में दिखाया गया है.
फिल्म में मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल का सरप्राइज कैमियो भी है. वह फिल्म के आखिरी हिस्से में नजर आते हैं और उनकी एंट्री कहानी में एक महत्वपूर्ण मोड़ लेकर आती है. अक्षय और सैफ के अलावा 'हैवान' में सैयामी खेर, बोमन ईरानी और श्रिया पिलगांवकर भी अहम भूमिकाओं में हैं.