मुंबई: बॉलीवुड और राजनीति से जुड़े कई बड़े नाम एक बार फिर सुर्खियों में हैं. एक कथित इन्वेस्टमेंट फ्रॉड केस में बॉलीवुड एक्टर गोविंदा. चंकी पांडे, शक्ति कपूर और बीजेपी सांसद मनोज तिवारी के नाम सामने आए हैं. यह मामला गाजियाबाद स्थित मैक्सिजोन टच प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा बताया जा रहा है, जिस पर निवेशकों से धोखाधड़ी के आरोप लगे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक यह पूरा विवाद झारखंड के जमशेदपुर की एक कोर्ट में दर्ज शिकायत के बाद सामने आया. शिकायत में आरोप लगाया गया कि संबंधित कंपनी ने निवेशकों को आकर्षक रिटर्न का लालच दिया लेकिन बाद में न तो वादा किया गया मुनाफा दिया गया और न ही मूल राशि लौटाई गई. इसके बाद पुलिस ने FIR दर्ज की और जांच शुरू की गई.
शिकायत करने वाले निवेशकों का कहना है कि कंपनी ने उन्हें 15 प्रतिशत मासिक रिटर्न का भरोसा दिलाया था. शुरुआत में लोगों को कंपनी पर भरोसा हुआ और बड़ी संख्या में निवेश किया गया. लेकिन कुछ समय बाद भुगतान रुक गया. इससे निवेशकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा और मामला पुलिस तक पहुंचा.
FIR में नामजद लोगों में सबसे ज्यादा ध्यान फिल्म और राजनीति से जुड़े चेहरों ने खींचा है. शिकायत के अनुसार इन एक्टर्स और नेताओं ने कंपनी के प्रमोशनल इवेंट्स और गतिविधियों में हिस्सा लिया. आरोप है कि उनकी लोकप्रियता का इस्तेमाल कर ज्यादा से ज्यादा लोगों को निवेश के लिए प्रेरित किया गया. हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि इन हस्तियों की भूमिका कितनी गहरी थी.
इस केस में सितंबर 2025 में बड़ी कार्रवाई हो चुकी है. जमशेदपुर पुलिस ने मैक्सिजोन टच प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर चंदर भूषण सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका सिंह को गिरफ्तार किया था. दोनों पर आरोप है कि उन्होंने धोखाधड़ी वाला एमएलएम नेटवर्क चलाया और अवैध तरीके से फंड इकट्ठा किए. पुलिस के अनुसार यह दंपति करीब तीन साल तक जांच एजेंसियों से बचते रहे थे.
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रवर्तन निदेशालय भी जांच में जुट गया. ईडी ने कंपनी से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की. जांच एजेंसियों को शक है कि इस कथित घोटाले में इन्वेस्टमेंट के साथ साथ क्रिप्टोकरेंसी से जुड़ा लेनदेन भी शामिल हो सकता है.
गोविंदा हिंदी सिनेमा के जाने माने एक्टर्स में गिने जाते हैं. उन्होंने राजा बाबू कुली नंबर 1 दुल्हे राजा आंखें पार्टनर भागम भाग और बड़े मियां छोटे मियां जैसी फिल्मों में यादगार अभिनय किया है. लंबे समय से फिल्मों से दूर रहने के बावजूद उनकी फैन फॉलोइंग आज भी मजबूत है.