मुंबई: रणवीर सिंह की मोस्टअवेटेड फिल्म धुंरधर अब नेटफ्लिक्स पर वर्ल्डवाइड रिलीज हो चुकी है. ओटीटी पर आते ही फिल्म ने नया रिकॉर्ड सेट कर दिया है. भारत में पहले से ही यह नंबर 1 पर ट्रेंड कर रही थी लेकिन अब पाकिस्तान में भी धुरंधर नेटफ्लिक्स की टॉप ट्रेंडिंग फिल्म बन चुकी है. खास बात यह है कि थिएटर रिलीज के समय पाकिस्तान में इस फिल्म पर बैन था. नेटफ्लिक्स की ट्रेंडिंग लिस्ट के मुताबिक धुरंधर इस समय भारत और पाकिस्तान दोनों देशों में नंबर 1 पोजिशन पर है.
भारत में जिन दर्शकों ने फिल्म थिएटर में देखी थी वे अब ओटीटी पर दोबारा देखकर फिल्म की बारीकियां समझने में जुटे हैं. वहीं पाकिस्तान में दर्शक पहली बार इस फिल्म को बिना किसी रोकटोक के देख पा रहे हैं और सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ कर रहे हैं.
पाकिस्तान में नेटफ्लिक्स की टॉप 10 फिल्मों की लिस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. इस लिस्ट में टॉप 10 में से 7 फिल्में भारत की हैं.
पाकिस्तान में वीक 5 की टॉप रैंकिंग फिल्मों की बात करें तो 26 से 30 जनवरी तक कृति सेनन और धनुष की 'तेरे इश्क में' नंबर 1 पर बनी हुई थी. लेकिन 31 जनवरी के बाद से धुरंधर ने बाजी मार ली और सीधे टॉप पर पहुंच गई है. इसके बाद से लगातार यह फिल्म नंबर 1 पोजिशन पर बनी हुई है.
पाकिस्तानी दर्शक रेडिट और सोशल मीडिया पर धुरंधर की खुलकर तारीफ से नहीं रूक रहे हैं. एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि, एक पाकिस्तानी होने के नाते यह अब तक की उनकी देखी सबसे बेहतरीन बॉलीवुड फिल्म है. उसने कहा कि पहली बार किसी फिल्म में असली रिसर्च दिखाई दी है और जबरदस्ती का आदाब जनाब या किरदारों को दिखाने के लिए काजल टोपी और बनियान का सहारा नहीं लिया गया.