menu-icon
India Daily

पसंद नहीं आई तो कोई बात नहीं... खराब रिव्यू के बाद भी ‘Moana’ के साथ खड़े ड्वेन जॉनसन

डिज्नी की लाइव-एक्शन ‘मोआना’ को खराब रिव्यू और कमजोर बॉक्स ऑफिस का सामना करना पड़ा.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
पसंद नहीं आई तो कोई बात नहीं... खराब रिव्यू के बाद भी ‘Moana’ के साथ खड़े ड्वेन जॉनसन
Courtesy: X

डिज्नी की ‘मोआना’ का लाइव-एक्शन वर्जन उम्मीद के मुताबिक कामयाब नहीं रहा. फिल्म को क्रिटिक्स से कम रेटिंग मिली और कमाई भी एनिमेटेड फिल्म से काफी पीछे रही. इसके बावजूद माउई का किरदार निभाने वाले ड्वेन जॉनसन ने फिल्म का बचाव किया है. उनका कहना है कि हर फिल्म को पसंद करना जरूरी नहीं है.

ड्वेन जॉनसन बोले- हर किसी को फिल्म पसंद आए, जरूरी नहीं

ड्वेन जॉनसन ने ‘पीपल’ मैगजीन से बातचीत में फिल्म को लेकर मिली प्रतिक्रियाओं पर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि शुरुआत में मिले दो रिव्यू काफी अच्छे थे और उन्हें लगा था कि फिल्म को अच्छी प्रतिक्रिया मिलेगी. बाद में समीक्षकों की राय बदल गई लेकिन ड्वेन के लिए यह कोई नई बात नहीं थी. उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में ऐसा होता रहता है. अभिनेता ने यह भी बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी के साथ रात में घर पर बैठकर फिल्म की प्रतिक्रिया पर कई बार चर्चा की. उनका ध्यान सिर्फ शुरुआती शोर पर नहीं, बल्कि फिल्म को लंबे समय तक देखने वाले दर्शकों की राय पर था.

क्रिटिक्स ने दिए कम नंबर

‘मोआना’ साल 2016 में आई लोकप्रिय एनिमेटेड फिल्म का लाइव-एक्शन रीमेक है. नई फिल्म को क्रिटिक्स से अच्छी प्रतिक्रिया नहीं मिली. Rotten Tomatoes पर इसे 31 प्रतिशत और Metacritic पर 42 का स्कोर मिला है. हालांकि, कुछ समीक्षकों ने फिल्म को पूरी तरह खारिज नहीं किया. ड्वेन जॉनसन ने कहा कि उन्हें पता था कि रिलीज के बाद फिल्म को लेकर अलग-अलग राय सामने आएंगी. उन्होंने दर्शकों के लिए साफ संदेश दिया कि अगर उन्हें फिल्म पसंद आती है तो यह अच्छी बात है लेकिन अगर पसंद नहीं आती तो भी कोई समस्या नहीं है. फिल्म में ड्वेन के साथ कैथरीन लागा'आइया मुख्य भूमिका में हैं.

बॉक्स ऑफिस पर भी नहीं चला ‘मोआना’ का जादू

लाइव-एक्शन ‘मोआना’ ने अब तक दुनिया भर में 266 मिलियन डॉलर की कमाई की है, जिसमें नॉर्थ अमेरिका से 119 मिलियन डॉलर शामिल हैं. यह आंकड़ा 2016 की एनिमेटेड फिल्म की कमाई से काफी कम है. ओरिजिनल ‘मोआना’ ने दुनियाभर में 687 मिलियन डॉलर कमाए थे. वहीं अमेरिका और कनाडा से उसे 249 मिलियन डॉलर मिले थे. डिज्नी के CEO जोश डी'अमारो ने भी माना कि लाइव-एक्शन ‘मोआना’ का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. हालांकि, उन्होंने कहा कि कंपनी अपनी बड़ी फ्रेंचाइजी में निवेश जारी रखेगी, इन फिल्मों से कंपनी के दूसरे हिस्सों को भी फायदा मिलता है.