menu-icon
India Daily

13 साल की शादी के बाद पवन कल्याण और उनकी पत्नी ने किया अलग होने का फैसला

तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं. पवन कल्याण और उनकी पत्नी अन्ना कोनिडाला ने शादी के करीब 13 साल बाद अलग होने का फैसला किया है.

Shilpa Shrivastava
13 साल की शादी के बाद पवन कल्याण और उनकी पत्नी ने किया अलग होने का फैसला
Courtesy: X

तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं. पवन कल्याण और उनकी पत्नी अन्ना कोनिडाला ने शादी के करीब 13 साल बाद अलग होने का फैसला किया है. दोनों ने सोमवार देर रात एक संयुक्त बयान जारी कर इस फैसले की जानकारी दी. उन्होंने साफ किया कि यह फैसला आपसी सहमति और समझदारी से लिया गया है.

बनी रहेगी दोस्ती- पवन कल्याण

पवन कल्याण के उपमुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि दोनों ने अपने रिश्ते को सम्मान के साथ समाप्त करने का निर्णय लिया है. हालांकि, शादी खत्म होने के बाद भी उनके बीच दोस्ताना संबंध बने रहेंगे. दोनों ने अपने बच्चों की खुशी और भविष्य को सबसे ज्यादा प्राथमिकता देने की बात कही है. उन्होंने कहा कि वे आगे भी अपने बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी मिलकर निभाएंगे.

इस दौरान पवन कल्याण और अन्ना ने अपने प्रशंसकों और शुभचिंतकों से निजी जिंदगी का सम्मान करने की अपील भी की. उन्होंने मुश्किल समय में साथ देने वाले लोगों का आभार जताया.

कब हुई थी पवन कल्याण और अन्ना की शादी?

पवन कल्याण ने सितंबर 2013 में रूसी मूल की अन्ना लेझनेवा से शादी की थी. शादी के बाद अन्ना को अन्ना कोनिडाला के नाम से जाना जाने लगा. दोनों की मुलाकात फिल्म तीन मार के दौरान हुई थी, जिसमें दोनों ने साथ काम किया था. इस शादी से उनके दो बच्चे हैं. उनकी बेटी का नाम पोलेना अंजना पवनोवा और बेटे का नाम मार्क शंकर पवनोविच है.

इससे पहले पवन कल्याण की शादी नंदिनी और अभिनेत्री रेणु देसाई से भी हो चुकी है. रेणु देसाई से उनके दो बच्चे अकिरा नंदन और आध्या हैं.

फिल्मों और राजनीति में सक्रिय हैं पवन कल्याण: 

पवन कल्याण ने साल 1996 में फिल्म अक्कड़ा अम्मायी इक्कड़ा अब्बायी से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी. अभिनय के साथ-साथ वह राजनीति में भी सक्रिय हैं और वर्तमान में आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री हैं. वर्कफ्रंट की बात करें तो वह आखिरी बार निर्देशक सुजीत की तेलुगु एक्शन फिल्म दे कॉल हिम ओजी में नजर आए थे, जो 25 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी.