रियलिटी शो बिग बॉस 20 में इन दिनों जमकर हंगामा देखने को मिल रहा है. शो के नए नॉमिनेशन टास्क के दौरान टीवी एक्ट्रेस माही विज और कंटेस्टेंट लव गिल के बीच जबरदस्त लड़ाई हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक-दूसरे की निजी जिंदगी को लेकर तीखी टिप्पणियां कर दीं.
माही विज के तलाक का जिक्र आते ही एक्ट्रेस अपना आपा खो बैठीं और रोते हुए लव को चेतावनी दे डाली. इस पूरे विवाद का प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा तेज हो गई है.
दरअसल, बिग बॉस 20 के नॉमिनेशन टास्क के दौरान उदिति ने माही विज को नॉमिनेट किया. इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि माही ने लव गिल को 'होम ब्रेकर' कहा था. यह बात सुनकर लव गिल नाराज हो गईं. उन्होंने माही के इस बयान पर सवाल उठाए और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई.
इस दौरान आम्रपाली दुबे और यंग DSA भी लव के समर्थन में आ गए. उन्होंने कहा कि किसी लड़की को नेशनल टेलीविजन पर होम ब्रेकर कहना बहुत बड़ा आरोप है. इसके बाद घर का माहौल और गरमा गया और दोनों तरफ से तीखे शब्दों का इस्तेमाल होने लगा.
Mahi Vs Love & Amrapali 🔥 #LoveGill #BB20 https://t.co/kT2NkTPBaF
— Beyond The Frame (@Singham2060) November 11, 2026
माही को उनके बयान का जवाब देने के लिए लव गिल ने उनकी निजी जिंदगी का जिक्र कर दिया. उन्होंने माही के तलाक को बहस के बीच में खींच लिया. यह सुनकर माही बुरी तरह भड़क गईं. उन्होंने रोते हुए लव को अपनी निजी जिंदगी से दूर रहने की चेतावनी दी.
माही ने गुस्से में कहा, 'मेरी पर्सनल लाइफ से दूर रहो. मेरी निजी जिंदगी और तलाक पर बात करने की हिम्मत मत करना. मेरे पति को कभी भी बीच में मत लाना. काटकर रख दूंगी यहीं पर.' इस दौरान माही काफी भावुक नजर आईं. पति जय भानुशाली का नाम और तलाक का मुद्दा सामने आने पर वह खुद को संभाल नहीं पाईं.
इस विवाद में रैपर यंग DSA ने भी माही विज को जमकर खरी-खोटी सुनाई. उन्होंने माही के होम ब्रेकर वाले बयान पर नाराजगी जाहिर की. यंग ने कहा कि माही स्वार्थी हैं और जब उनकी बेटी तारा बड़ी होकर यह सब देखेगी तो उसे भी दुख होगा.
उन्होंने माही से कहा कि किसी दूसरी लड़की को होम ब्रेकर कहना गलत है. यंग ने यह भी कहा कि अगर सामने वाला नीचे गिर रहा है तो इसका मतलब यह नहीं कि वह भी उसी स्तर पर उतर जाएं. इस दौरान उन्होंने माही की उम्र और उनके व्यवहार को लेकर भी सवाल उठाए.
माही विज की निजी जिंदगी की बात करें तो उनकी शादी टीवी अभिनेता जय भानुशाली से साल 2011 में हुई थी. दोनों की जोड़ी टीवी इंडस्ट्री की चर्चित जोड़ियों में गिनी जाती थी. हालांकि, साल 2026 में दोनों के तलाक की खबर सामने आई. उनकी एक बेटी तारा है. अब बिग बॉस के घर में तलाक का मुद्दा उठने के बाद माही का भावुक होना चर्चा का विषय बन गया है. वहीं, इस पूरे विवाद पर वीकेंड का वार में सलमान खान क्या प्रतिक्रिया देते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा.