menu-icon
India Daily

Dhurandhar 2 Collection: धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तूफान, रिलीज से पहले ही कमाए करोड़ों; पहले ही दिन कर डाली ताबड़तोड़ कमाई

धुरंधर 2 द रिवेंज ने रिलीज से पहले ही रिकॉर्ड बना दिया है. प्रीव्यू शो में फिल्म ने दुनिया भर में 75 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. ओपनिंग डे के शुरुआती आंकड़े भी शानदार हैं और फिल्म ने अपने पहले पार्ट को पीछे छोड़ दिया है.

babli
Edited By: Babli Rautela
Dhurandhar 2 Collection: धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तूफान, रिलीज से पहले ही कमाए करोड़ों; पहले ही दिन कर डाली ताबड़तोड़ कमाई
Courtesy: Social Media

मुंबई: रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 द रिवेंज ने रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर दिया है. आदित्य धर की डायरेक्टेड इस फिल्म ने प्रीव्यू शो में ऐसी कमाई की है, जिसने पूरे बॉलीवुड को चौंका दिया है. फिल्म को 19 मार्च को रिलीज किया गया, लेकिन उससे एक दिन पहले यानी 18 मार्च को इसके खास प्रीव्यू शो रखे गए थे. इन प्रीव्यू शो में ही फिल्म ने दुनिया भर में करीब 75 करोड़ रुपये की कमाई कर ली.

इसमें से भारत में 52.75 करोड़ रुपये और विदेशों में 22.25 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है. घरेलू स्तर पर फिल्म का नेट कलेक्शन 44 करोड़ रुपये रहा, जो किसी भी फिल्म के लिए एक बड़ा आंकड़ा माना जाता है. यह कमाई इसलिए भी खास है क्योंकि यह सिर्फ प्रीव्यू शो की है, यानी फिल्म ने रिलीज से पहले ही अपनी ताकत दिखा दी.

धुरंधर 2 का ओपनिंग डे कलेक्शन 

फिल्म के पहले दिन के शुरुआती आंकड़े भी सामने आ चुके हैं. रिपोर्ट के अनुसार, धुरंधर 2 ने पहले दिन लगभग 4.3 करोड़ रुपये की कमाई की है. इस तरह प्रीव्यू और पहले दिन का कुल घरेलू नेट कलेक्शन बढ़कर करीब 48.3 करोड़ रुपये हो गया है. वहीं, दुनियाभर में कुल ग्रॉस कलेक्शन लगभग 79.3 करोड़ रुपये पहुंच गया है. यह आंकड़े साफ दिखाते हैं कि फिल्म ने शानदार शुरुआत की है और आने वाले दिनों में यह और तेजी से बढ़ सकती है.

धुरंधर 2 ने अपने पहले पार्ट के ओपनिंग डे रिकॉर्ड को आसानी से तोड़ दिया है. पहले पार्ट ने पहले दिन करीब 28 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जबकि इस बार फिल्म ने उससे कई गुना ज्यादा कमाई कर ली है. यह फिल्म भारत में अब तक के सबसे बड़े प्रीमियर कलेक्शन का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर चुकी है.

धुरंधर 2 ने तोड़े इन बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड 

इस फिल्म ने प्रीव्यू कलेक्शन के मामले में भी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. इससे पहले पेड प्रीव्यू से सबसे ज्यादा कमाई लगभग 8.5 करोड़ रुपये थी, लेकिन धुरंधर 2 ने इस आंकड़े को बहुत पीछे छोड़ दिया. साथ ही, हिंदी मार्केट में भी इसने नया रिकॉर्ड बनाया है. इससे पहले एक बड़ी फिल्म ने प्रीव्यू में 10 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाए थे, लेकिन धुरंधर 2 ने उससे कहीं ज्यादा कमाई कर ली.