menu-icon
India Daily

कपूर, खान और कुमार... सब हुए फेल; धुरंधर 2 ने रणवीर सिंह को बनाया बॉक्स ऑफिस का नया किंग

फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, जिसकी झलक रिलीज से पहले हुए प्रीव्यू शोज में ही दिख गई थी. बुधवार शाम आयोजित इन शोज में फिल्म ने शानदार कमाई करते हुए करीब 43 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर डाला.

Anuj
Edited By: Anuj
कपूर, खान और कुमार... सब हुए फेल; धुरंधर 2 ने रणवीर सिंह को बनाया बॉक्स ऑफिस का नया किंग
Courtesy: x

मुंबई: एक समय तक बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का कलेक्शन करना किसी भी हिंदी फिल्म की सफलता का पैमाना माना जाता था. लेकिन अब समय बदल गया है. बाहुबली-2, दंगल और पुष्पा-2 जैसी फिल्मों ने 1000 से ज्यादा का बिजनेस करके नया टारगेट सेट कर दिया है.

आमतौर पर बड़ी फिल्मों को भी 100 करोड़ के आंकड़े तक पहुंचने में कई दिन लग जाते हैं. ईद पर रिलीज सिकंदर को भी 100 करोड़ के क्लब में शामिल होने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी थी. नई रिलीज फिल्म 'धुरंधर 2' ने अपनी शुरुआत से ही ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसने इंडस्ट्री को चौंका दिया है.

दर्शकों में जबरदस्त उत्साह

फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, जिसकी झलक रिलीज से पहले हुए प्रीव्यू शोज में ही दिख गई थी. बुधवार शाम आयोजित इन शोज में फिल्म ने शानदार कमाई करते हुए करीब 43 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर डाला. इतने कम समय में इतनी बड़ी रकम जुटाना अपने आप में किसी भी फिल्म के बड़ी बात है.  

एक लाख से ज्यादा टिकट बेचने का रिकॉर्ड

गुरुवार को फिल्म की असली परीक्षा शुरू हुई, लेकिन यहां भी 'धुरंधर 2' ने उम्मीदों से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया. टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म्स पर सुबह से ही भारी भीड़ देखने को मिली. एक समय ऐसा भी आया जब फिल्म ने एक घंटे में एक लाख से ज्यादा टिकट बेचने का रिकॉर्ड बना डाला. इससे पहले यह उपलब्धि कुछ चुनिंदा बड़ी फिल्मों के नाम थी.

100 करोड़ क्लब में शामिल

रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के पहले दिन फिल्म ने करीब 65 करोड़ रुपये की कमाई की. अगर प्रीव्यू शोज और पहले दिन के कलेक्शन को जोड़ा जाए, तो कुल आंकड़ा 100 करोड़ रुपये से काफी ऊपर पहुंच चुका है. इस तरह 'धुरंधर 2' सबसे तेजी से 100 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है. हालांकि, कलेक्शन में बदलाव हो सकता है.

नया बेंचमार्क सेट किया

अब तक 'पुष्पा 2', 'जवान', 'पठान', 'एनिमल', 'स्त्री 2' और 'KGF 2' जैसी फिल्मों ने यह मुकाम दो दिनों में हासिल किया था. लेकिन 'धुरंधर 2' ने महज 24 घंटे के भीतर यह आंकड़ा पार कर एक नया बेंचमार्क सेट कर दिया है.

दर्शकों के बीच अलग माहौल

फिल्म में अभिनेता रणवीर सिंह की मौजूदगी और इसके प्रचार ने दर्शकों के बीच अलग ही माहौल बना दिया है. शुरुआती रुझानों को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह फिल्म कई और बड़े रिकॉर्ड तोड़ सकती है. अब सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि 'धुरंधर 2' की यह तेज रफ्तार बॉक्स ऑफिस पर कितने समय तक कायम रहती है.