मुंबई: छत्रपति संभाजीनगर के मशहूर कंटेंट क्रिएटर अरुण तुपे का आज यानी 10 मार्च 2026 को अचानक निधन हो गया. वे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट 'Kon Arun Tupe' के जरिए लाखों लोगों के चहेते थे. उनके अकाउंट पर करीब 1.79 लाख फॉलोअर्स थे. अरुण ने कुछ घंटे पहले ही अपना आखिरी रील पोस्ट किया था, जिसके बाद यह खबर सुनकर हर कोई स्तब्ध रह गया.
अरुण तुपे को उनके मजेदार और रिलेटेबल रील्स के लिए जाना जाता था. वे हिंदी और मराठी दोनों भाषाओं में कॉमेडी से भरे कंटेंट बनाते थे, जो युवाओं में खासा पॉपुलर थे. उनके वीडियोज में रोजमर्रा की जिंदगी, सोशल कमेंट्री और हल्की-फुल्की मस्ती होती थी. इंस्टाग्राम बायो में उन्होंने लिखा था, 'I like to make you laugh; nothing else.' यानी उनका मकसद बस लोगों को हंसाना था. सुबह बालाजी नगर स्थित उनके घर में वे बेहोश पाए गए. परिवारवालों ने उन्हें फौरन नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए घाटी सरकारी अस्पताल भेजा गया. कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया कि पोस्टमॉर्टम में मौत का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो सका. परिवार के अनुसार अरुण को एपिलेप्सी (मिर्गी) की समस्या थी. कई मीडिया रिपोर्ट्स में इसे हार्ट अटैक से जोड़ा गया है, जबकि कुछ जगहों पर मौत को संदिग्ध बताया गया है. पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ केस दर्ज किया है और जांच जारी है.
अरुण तुपे का जन्म छत्रपती संभाजीनगर में हुआ था. वे काम के सिलसिले में पुणे में भी रहते थे. सोशल मीडिया पर उनकी शुरुआत 'Kon Arun Tupe?' जैसी मजेदार इंट्रो से हुई, जो धीरे-धीरे 'अपना अरुण तुपे' बन गई. उनके फैंस उन्हें परिवार का हिस्सा मानते थे. आज उनके अचानक जाने से सोशल मीडिया पर शोक की लहर है. कई फैंस और क्रिएटर्स ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है. यह घटना डिजिटल क्रिएटर्स के लिए भी एक बड़ा झटका है.