menu-icon
India Daily

शिल्पा शेट्टी के पर्सनैलिटी राइट्स को बॉम्बे हाईकोर्ट ने किया सिक्योर, जानें क्या है पूरा मामला?

शिल्पा शेट्टी ने कोर्ट में याचिका दायर कर बताया था कि कई डिजिटल प्लेटफॉर्म्स, वेबसाइट्स और AI टूल्स उनकी नाम, तस्वीर, आवाज, लुक और व्यक्तित्व का गलत तरीके से इस्तेमाल कर रहे हैं. इनमें डीपफेक वीडियो, मॉर्फ्ड इमेजेस, AI चैटबॉट्स शामिल हैं, जो बिना उनकी अनुमति के उनकी नकल करते हैं.

antima
Edited By: Antima Pal
शिल्पा शेट्टी के पर्सनैलिटी राइट्स को बॉम्बे हाईकोर्ट ने किया सिक्योर, जानें क्या है पूरा मामला?
Courtesy: x

मुंबई: बॉम्बे हाई कोर्ट ने बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पर्सनैलिटी राइट्स को मजबूत सुरक्षा प्रदान की है. कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए ऑनलाइन उनकी पहचान के अनधिकृत इस्तेमाल पर सख्त रोक लगा दी है. जी हां इसके लिए एक्ट्रेस ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था. 

शिल्पा शेट्टी के पर्सनैलिटी राइट्स को हाईकोर्ट ने किया सिक्योर

शिल्पा शेट्टी ने कोर्ट में याचिका दायर कर बताया था कि कई डिजिटल प्लेटफॉर्म्स, वेबसाइट्स और AI टूल्स उनकी नाम, तस्वीर, आवाज, लुक और व्यक्तित्व का गलत तरीके से इस्तेमाल कर रहे हैं. इनमें डीपफेक वीडियो, मॉर्फ्ड इमेजेस, AI चैटबॉट्स शामिल हैं, जो बिना उनकी अनुमति के उनकी नकल करते हैं. इससे न केवल उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि उनकी प्राइवेसी और गरिमा भी प्रभावित हो रही है. 

कोर्ट ने इस मामले में फैसला सुनाते हुए डिफेंडेंट्स (जिनके खिलाफ केस था) को साफ निर्देश दिए कि वे शिल्पा शेट्टी के नाम, इमेज, वॉयस, लाइकनेस या उनकी पूरी पर्सनैलिटी का किसी भी रूप में इस्तेमाल या गलत प्रतिनिधित्व नहीं कर सकते. कोर्ट ने स्पष्ट कहा कि किसी पब्लिक फिगर की पहचान और रेपुटेशन का बिना सहमति के कमर्शियल फायदा उठाना या डिजिटल तरीके से मैनिपुलेट करना पूरी तरह गैरकानूनी है. 

इसके अलावा कोर्ट ने सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और इंटरमीडियरीज को आदेश दिया कि अगर कोई डिफेमेटरी (बदनामी करने वाला) या उल्लंघन करने वाला कंटेंट उनके प्लेटफॉर्म पर मौजूद है, तो उसे तुरंत हटा दिया जाए. कोर्ट ने कहा कि एक बार जब ऐसी सामग्री की जानकारी मिलती है, तो प्लेटफॉर्म्स को फौरन कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि सेलिब्रिटी की गरिमा और प्राइवेसी सुरक्षित रहे.

यह फैसला AI और डीपफेक टेक्नोलॉजी के बढ़ते दुरुपयोग के दौर में काफी अहम माना जा रहा है. इससे पहले भी कई बॉलीवुड सितारों जैसे आमिर खान, ऋतिक रोशन, ऐश्वर्या राय और सलमान खान आदि ने अपनी पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए कोर्ट का रुख किया था. शिल्पा शेट्टी की वकील ने इस फैसले पर खुशी जताई और कहा कि यह उनके क्लाइंट के लिए बड़ी राहत है.