menu-icon
India Daily

'द केरल स्टोरी 2' ने रिलीज के 11वें दिन कितना किया कलेक्शन? जानें बजट वसूलने के बाद कैसा परफॉर्म कर रही फिल्म

पहले भाग 'द केरल स्टोरी' की तरह इस सीक्वल ने भी विवादों के बावजूद दर्शकों का ध्यान खींचा. निर्देशक कमाख्या नारायण सिंह की यह फिल्म उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया जैसे कलाकारों से सजी है.

antima
Edited By: Antima Pal
'द केरल स्टोरी 2' ने रिलीज के 11वें दिन कितना किया कलेक्शन? जानें बजट वसूलने के बाद कैसा परफॉर्म कर रही फिल्म
Courtesy: x

मुंबई: 'द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड' बॉक्स ऑफिस पर लगातार अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है. 27 फरवरी 2026 को रिलीज हुई यह फिल्म शुरू में कानूनी चुनौतियों के कारण थोड़ी देरी से सिनेमाघरों में पहुंची थी. पहले दिन इसका कलेक्शन काफी कम रहा, महज 75 लाख रुपये के आसपास, लेकिन दूसरे दिन से दर्शकों का रुझान बढ़ा और फिल्म ने अच्छी रफ्तार पकड़ी.

'द केरल स्टोरी 2' ने रिलीज के 11वें दिन कितना किया कलेक्शन?

पहले हफ्ते में फिल्म ने कुल 22.34 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. वीकेंड के बाद दूसरे वीक में भी यह अच्छा परफॉर्म कर रही है. 8वें दिन (दूसरा शुक्रवार) को 2.7 करोड़, 9वें दिन (दूसरा शनिवार) को 3.75 करोड़ और 10वें दिन (दूसरा रविवार) को 3.3 करोड़ रुपये कमाए गए. हालांकि हर सोमवार की तरह दूसरे मंडे यानी 11वें दिन कलेक्शन में गिरावट आई, जो बॉक्स ऑफिस पर आम बात है.

11वें दिन भारत में की करीब इतनी कमाई

सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार 11वें दिन फिल्म ने भारत में करीब 1.85 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इस दिन हिंदी वर्जन में औसत ऑक्यूपेंसी 11.2% रही और कुल 3,004 शो चले. इस कमाई के साथ फिल्म की 11 दिनों की कुल नेट कमाई 34.70 करोड़ रुपये पहुंच गई है. वहीं ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो भारत में यह आंकड़ा 40.61 करोड़ रुपये हो गया है.

कोई बड़ी हिंदी रिलीज न होने से मिल रहा फायदा

फिल्म का बजट और शुरुआती संघर्ष को देखते हुए यह प्रदर्शन काफी सराहनीय है. पहले भाग 'द केरल स्टोरी' की तरह इस सीक्वल ने भी विवादों के बावजूद दर्शकों का ध्यान खींचा. निर्देशक कमाख्या नारायण सिंह की यह फिल्म उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया जैसे कलाकारों से सजी है. दूसरे वीकेंड में अच्छी कमाई और सोमवार की गिरावट के बावजूद फिल्म स्थिर बनी हुई है. कोई बड़ी हिंदी रिलीज न होने से इसे अभी भी फायदा मिल रहा है. 

एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर यह ट्रेंड जारी रहा तो फिल्म आसानी से 40 करोड़ के नेट क्लब में एंट्री कर सकती है और कुल मिलाकर प्रॉफिटेबल साबित होगी. कुल मिलाकर 'द केरल स्टोरी 2' ने साबित कर दिया है कि मजबूत विषय और दर्शकों की दिलचस्पी से बॉक्स ऑफिस पर सफलता मिल सकती है, भले ही शुरुआत धीमी हो. दर्शक अभी भी थिएटर्स में जा रहे हैं, जो फिल्म की लोकप्रियता दर्शाता है. आने वाले दिनों में क्या नया रिकॉर्ड बनेगा, यह देखना दिलचस्प होगा.