बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस करिश्म कपूर एक बार फिर दमदार अंदाज में दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार हैं. उनकी आगामी सस्पेंस थ्रिलर वेब सीरीज ब्राउन का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और इसे दर्शकों से शानदार रिएक्शन मिल रही है. 90 के दशक में अपने अभिनय और स्टारडम से बॉलीवुड पर राज करने वाली करिश्मा कपूर अब एक ऐसे किरदार में नजर आने वाली हैं जो उनके अब तक के सबसे चुनौतीपूर्ण रोल्स में से एक माना जा रहा है.
ब्राउन का ट्रेलर एक रहस्यमयी हत्या से शुरू होता है. इस जटिल मामले की जांच की जिम्मेदारी करिश्मा कपूर के किरदार को सौंपी जाती है. जैसे जैसे कहानी आगे बढ़ती है, दर्शकों को पता चलता है कि यह सिर्फ एक मर्डर केस नहीं है बल्कि कई रहस्यों और छिपे हुए सच से जुड़ी कहानी है. ट्रेलर में लगातार ऐसे दृश्य दिखाई देते हैं जो दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाते हैं और यह जानने की इच्छा पैदा करते हैं कि आखिर असली अपराधी कौन है.
इस सीरीज़ में करिश्मा कपूर रीटा ब्राउन नाम की पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रही हैं. रीटा ब्राउन एक तेज दिमाग और मजबूत इरादों वाली अधिकारी है, लेकिन उसकी निजी जिंदगी कई परेशानियों से घिरी हुई है. वह अपने अतीत की दर्दनाक यादों से संघर्ष कर रही है और साथ ही शराब की लत से भी जूझती दिखाई देती है. इन सभी चुनौतियों के बावजूद वह अपने काम को पूरी ईमानदारी और पेशेवर अंदाज में निभाती है. ट्रेलर में करिश्मा का गंभीर और प्रभावशाली अभिनय खास आकर्षण का केंद्र बन गया है.
सीरीज की एक और बड़ी खासियत दिग्गज एक्ट्रेस हेलेन की वापसी है. लंबे समय बाद पर्दे पर लौट रहीं हेलेन की झलक ट्रेलर में दिखाई गई है. उनके किरदार को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन उनकी मौजूदगी ने दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ा दिया है. फैंस अब यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि कहानी में उनका किरदार कितना अहम साबित होगा.