Amitabh Bachchan Post: मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने अपने हालिया ब्लॉग पोस्ट को लेकर फैली अफवाहों पर पूरी तरह विराम लगा दिया है. 83 वर्षीय अभिनेता ने साफ कहा है कि उनका ब्लॉग उनकी अपनी सेहत से जुड़ा नहीं था. फैंस की चिंता को दूर करते हुए बिग बी ने बताया कि पोस्ट को गलत समझा गया.
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पर लिखा- 'I am fine... misunderstood post... I was giving an example.' उन्होंने बताया कि पोस्ट में सर्जरी, ICU और रिकवरी की बात फुटबॉल लीजेंड लियोनेल मेसी और अर्जेंटीना की हार के संदर्भ में की गई थी.
बिग बी ने विस्तार से समझाते हुए लिखा कि चैंपियन जब हारता है तो उसके लिए सबसे मुश्किल समय हार के बाद खुद से सामना करना होता है. उन्होंने उदाहरण दिया – 'अर्जेंटीना की हार के बाद मेसी को खुद से लड़ना पड़ा. लोग समझे कि यह मेरे बारे में है, लेकिन यह गलतफहमी थी.'
अमिताभ ने आगे कहा- 'हर चैंपियन को यह पता होना चाहिए कि समय के साथ कोई और चैंपियन भी आएगा. किसी चैंपियन के लिए यह स्वीकार करना मुश्किल होता है कि किसी और ने उसकी जगह ले ली है, लेकिन यही जिंदगी है.'
उन्होंने सर्जरी का उदाहरण देते हुए कहा कि अस्पताल में इलाज के बाद घर आकर पुरानी स्थिति से खुद को ढालना सबसे कठिन होता है. ठीक उसी तरह चैंपियन को भी नई स्थिति स्वीकार करने में समय लगता है.'
कल अमिताभ के ब्लॉग में सर्जरी, ICU और रिकवरी जैसे शब्द पढ़कर फैंस काफी चिंतित हो गए थे. सोशल मीडिया पर उनकी सेहत को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं. लेकिन अब बिग बी की स्पष्ट सफाई के बाद सबकी टेंशन खत्म हो गई है. अमिताभ बच्चन ने फैंस को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे पूरी तरह स्वस्थ हैं. उन्होंने लिखा कि पोस्ट सिर्फ जीवन के उतार-चढ़ाव और चैंपियन्स की मानसिक स्थिति को समझाने के लिए थी.