Allu Arjun Grandmother Died: टॉलीवुड सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की दादी अल्लू कनकरत्नम का निधन हो गया है. 30 अगस्त की सुबह 1:45 बजे, 94 साल की उम्र में अल्लू कनकरत्नम ने दुनिया को अलविदा कह दिया. बता दें की उनका उम्र संबंधी बीमारियों के कारण इलाज चल रहा था, और हैदराबाद में उन्होंने अंतिम सांस ली. वह अल्लू रामलिंगैया की पत्नी थीं, जो टॉलीवुड के सबसे बड़े कलाकारों में से एक थे.
अल्लू अर्जुन, जो इन दिनों फिल्म डायरेक्टर एटली की आगामी फिल्म AA22xA6 की शूटिंग के लिए मुंबई में व्यस्त थे, जैसे ही उन्हें अपनी दादी के निधन की खबर मिली, वे तुरंत हैदराबाद रवाना हो गए. एयरपोर्ट पर उन्हें गहरे शोक में डूबा देखा गया और भारी सुरक्षा के बीच वे सीधे पारिवारिक निवास पहुंचे. अर्जुन का अपनी दादी से बेहद करीबी रिश्ता था. पिछली बार जब एक्टर को एक विवाद के चलते जेल में एक रात गुजारनी पड़ी थी, तो घर लौटने पर उनकी दादी ने उन्हें गले लगाकर ताबीज बांधा था और नजर उतारने की रस्म अदा की थी.
राम चरण, जो मैसूर में एक भव्य गाने की शूटिंग में व्यस्त थे, ने शूटिंग तुरंत रोक दी है और हैदराबाद लौटने की तैयारी कर रहे हैं. इस गाने में 1000 से अधिक डांसर हिस्सा ले रहे थे, लेकिन परिवार को प्राथमिकता देते हुए राम चरण ने अंतिम संस्कार में शामिल होने का फैसला किया.
बता दें की अल्लू कनकरत्नम का अंतिम संस्कार शनिवार दोपहर कोकापेट में किया जाएगा. परिवार और नज़दीकी रिश्तेदार, खासकर अल्लू अरविंद के निवास पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे हैं. परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार, वे इस निजी क्षण को मीडिया से दूर रखना चाहते हैं.
अल्लू कनकरत्नम न केवल एक एक्टर की पत्नी थीं, बल्कि अल्लू परिवार की एक मजबूत और शांत शक्ति थीं, जिन्होंने परिवार को सालों तक एकसूत्र में बांधे रखा. उनका निधन न केवल परिवार के लिए, बल्कि टॉलीवुड के लिए भी एक बड़ी क्षति है.